कलक्टर ने की पेयजल आपूर्ति संबंधी समीक्षा बैठक
- पेयजल संकट निवारण हेतु टैंकरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश
- पशुओं के लिए भी पर्याप्त पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर
- पानी के दुरुपयोग एवं टैंकर डायवर्जन पर सख्त निगरानी रखें
- अवैध कनेक्शनों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),कलक्टर ने की पेयजल आपूर्ति संबंधी समीक्षा बैठक। ग्रीष्म ऋतु के दौरान जिले में सुचारू एवं निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट आलोक रंजन की अध्यक्षता में अटल सेवा केंद्र स्थित वीसी कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में पेयजल आपूर्ति की वर्तमान स्थिति, संभावित संकट क्षेत्रों,टैंकर आपूर्ति व्यवस्था तथा समर कंटिंजेंसी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए तथा आमजन को समयबद्ध एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति प्रभावित हो रही है वहां तत्काल प्रभाव से अतिरिक्त पेयजल टैंकर लगाए जाएं तथा आवश्यकता अनुसार टैंकरों की संख्या बढ़ाई जाए।
पशुओं के लिए भी पर्याप्त पेयजल व्यवस्था हो
जिला कलक्टर आलोक रंजन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पशुओं के लिए भी पर्याप्त पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पशुधन के लिए पेयजल संकट उत्पन्न नहीं होना चाहिए तथा आवश्यकतानुसार जल व्यवस्था की समुचित मॉनिटरिंग की जाए।
पानी के दुरुपयोग एवं टैंकर डायवर्जन पर रखें सख्त निगरानी
बैठक में जिला कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कहीं भी पानी का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए तथा पेयजल टैंकरों को निर्धारित स्थानों के अतिरिक्त अन्यत्र डायवर्ट नहीं किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को टैंकर संचालन की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल प्रभाव से जांच एवं आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समर कंटिंजेंसी कार्यों की समीक्षा कर दिए निर्देश
बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने समर कंटिंजेंसी के तहत संचालित विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति व्यवस्था से जुड़े प्रत्येक कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
टेंट गोदाम में युवक ने फँदा लगाकर दी जान
बैठक में जिला कलक्टर ने जेडीए,नगर निगम एवं अन्य संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए कि जिले में कहीं भी किसी प्रकार का खुदाई कार्य जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किए बिना प्रारंभ नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल अत्यावश्यक स्थिति में ही खुदाई कार्य किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि पेयजल पाइपलाइन को किसी प्रकार की क्षति नहीं पहुंचे।
अवैध कनेक्शनों के विरुद्ध करें सख्त कार्यवाही
जिला कलक्टर आलोक रंजन ने अधिकारियों को अवैध पेयजल कनेक्शनों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध कनेक्शनों के कारण जल वितरण व्यवस्था प्रभावित होती है,जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे मामलों में नियमित अभियान चलाकर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) जवाहर चौधरी,अतिरिक्त जिला कलक्टर (द्वितीय) सुरेन्द्र सिंह पुरोहित सहित जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग,जेडीए,नगर निगम के अधिकारी उपस्थित थे। जिले के सभी उपखण्ड अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।
