बागेश्वर की बेटी प्रेमा रावत का महिला टी-20 विश्व कप के लिए टीम इंडिया में चयन

सुमटी सहित पूरे बागेश्वर से उत्तराखंड तक जश्न

बागेश्वर (दूरदृष्टिन्यूज), बागेश्वर की बेटी प्रेमा रावत का महिला टी-20 विश्व कप के लिए टीम इंडिया में चयन। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के छोटे से गांव सुमटी की बेटी प्रेमा रावत ने क्रिकेट के मैदान पर इतिहास रच दिया है।

 इसे भी पढ़िएगा-गर्भसंस्कार सर्टिफिकेट कोर्स के ब्रोशर का विमोचन

24 वर्षीय प्रेमा का महिला टी-20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय सीनियर टीम में चयन हुआ है। यह खबर मिलते ही बागेश्वर नगर से लेकर प्रेमा रावत के सुमटी गांव तक जश्न का माहौल है।

मिठाई बांटी,आतिशबाजी की
बागेश्वर क्रिकेट एसोसिएशन,खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और आतिशबाजी कर खुशी जताई। लोगों ने कहा, “सुमटी की बेटी का विश्व कप जैसे बड़े मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना पूरे बागेश्वर और उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है।” सभी ने प्रेमा के शानदार प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

दाएं हाथ की बल्लेबाज,लेग स्पिन गेंदबाज
दाएं हाथ से बल्लेबाजी और लेग स्पिन गेंदबाजी करने वाली प्रेमा रावत ने घरेलू क्रिकेट में उत्तराखंड महिला टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी खास पहचान बनाई है। लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर उन्होंने टीम इंडिया में जगह बनाई है। उनके चयन को उत्तराखंड क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।

गांव में खुशी की लहर
इन दिनों छुट्टियां मनाने गांव पहुंचीं प्रेमा की मां बसंती देवी और भाई विमल रावत ने ग्रामीणों के साथ खुशी साझा की। शुक्रवार को ग्राम प्रधान विमला देवी और ग्रामीणों ने प्रेमा के घर जाकर उनकी मां,भाई,दादी हरूली देवी और बुआ चंद्रा देवी को मिठाई खिलाई। सबने इसे गांव के लिए सबसे बड़ी खुशी का दिन बताया।

बेटियों के लिए प्रेरणा
ग्रामीणों का कहना है कि प्रेमा की यह उपलब्धि न केवल सुमटी गांव बल्कि पूरे उत्तराखंड राज्य की बेटियों के लिए प्रेरणा है। इससे क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी खेलों में आगे बढ़ने का हौसला मिलेगा। अब सुमटी की बिटिया दुनिया को चौंकाने के लिए तैयार है।

You missed