जोधपुर, प्रदेश में दिनों-दिन बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधों के खिलाफ शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा

कलेक्ट्रेट के सामने धरना देकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर मुख्यमंत्री से इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने सांकेतिक धरना देकर राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

एबीवीपी की तरफ से राजस्थान में बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिलाओं पर लगातार बढ़ते अत्याचार, हत्याएं, दुष्कर्म आदि के मामलों को लेकर प्रदर्शन किया। छात्र नेताओं ने कहा कि प्रदेश में राज्य सरकार पूर्णत: नकारा व नाकाम साबित हुई है।

ABVP protested, staged

आए दिन दुष्कर्म के मामले हो रहे है। छात्रों पर लाठीचार्ज कर उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। अवैध हथियार की तस्करी, फायरिंग की घटनाएं घटित हो रही है जिस पर राज्य सरकार द्वारा आंख मूंदकर प्रदेश में अराजकता का माहौल पैदा किया जा रहा है। महिला सुरक्षित नहीं है, पुलिस थाना हो या अस्पताल या कैंम्पस कही भी वह सुरक्षित नहीं है। महिलाओं की सुरक्षा को दरकिनार किया जा रहा है।

विद्यार्थियों को छात्रवृत्तियां नही मिल रही हैं। शिक्षा के मंदिरों में उनकी मांग को दबाने के लिए लाठीचार्ज करवाया जाता है। विश्वविद्यालय में शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई है। समय पर परीक्षा व परिणाम देने में वह असफल है। नई भर्तियां नहीं हो रही। इसलिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के इस्तीफे की मांग करती है।

इस अवसर पर अविनाश खारा, अभिमन्यु सारण, निखिल, अमित शर्मा, महेश सिंह, कैलाश प्रजापत, निरंजन पारीक, सुनील चौधरी, मनोहर दाधीच, रवि बिश्नोई, लक्ष्य खत्री, सचिन राजपुरोहित, रितु बोराणा, सीमा जांगिड, नीलिमा सोनी, मोनिका आदि पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।