Doordrishti News Logo

ग्राम पंचायत भावी में सरपंच व वार्ड पांच के लिए 2 नवंबर को होगा पुनर्मतदान

  • मतदान केंद्र संख्या 09 से 15 तक प्रातः 7 से सायं 6 बजे तक होगा मतदान
  • मतदान समाप्ति के पश्चात उसी दिन होगी मतगणना

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),ग्राम पंचायत भावी में सरपंच व वार्ड पांच के लिए 2 नवंबर को होगा पुनर्मतदान। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव- 2026 के द्वितीय चरण के तहत पंचायत समिति बिलाड़ा की ग्राम पंचायत भावी में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए सोमवार 2 नवंबर को पुनर्मतदान करवाया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, 30 अक्टूबर को मतदान के दौरान मतदान केंद्र संख्या 12 (सेठ धनराज मगराज तेलीड़ा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय,भावी-मध्य भाग) पर मतपत्र चोरी होने तथा मौके पर कानून-व्यवस्था एवं लोक शांति भंग होने के कारण मतदान प्रक्रिया दूषित हो गई थी। इस पर राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम,1994 के नियम 48 (ए) एवं 48 (बी) के तहत ग्राम पंचायत भावी के सभी मतदान केंद्रों पर संपन्न मतदान को शून्य घोषित किया गया है।

सार्वजनिक जीवन एवं प्रशासन में ईमानदारी जरूरी: सोनी

ग्राम पंचायत के सातों मतदान केंद्रों पर सरपंच पद तथा 11 वार्डों में वार्ड पंच पद के लिए होगा मतदान:-
पुनर्मतदान 2 नवंबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित होगा। ग्राम पंचायत भावी के सभी सात मतदान केंद्रों (केंद्र संख्या 09 से 15) पर सरपंच पद के लिए तथा वार्ड संख्या 01, 02, 03, 04, 06, 07, 08,11,16,17 एवं 18 में वार्ड पंच पद के लिए मतदान करवाया जाएगा। निर्विरोध निर्वाचित आठ वार्डों में पुनर्मतदान नहीं होगा।

मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात 2 नवंबर को ही मतगणना की जाएगी। पुनर्मतदान के दौरान मतदाताओं की बाईं हाथ की मध्यमा अंगुली पर अमिट स्याही का निशान लगाया जाएगा। पूर्व में संपन्न मतदान के दौरान लगाई गई स्याही के निशान को पुनर्मतदान के लिए मान्य नहीं माना जाएगा।

उपसरपंच पद का निर्वाचन अब 3 नवंबर को होगा
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ग्राम पंचायत भावी में उप सरपंच पद का निर्वाचन, जो पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 31 अक्टूबर को होना था, अब संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 3 नवंबर, मंगलवार को आयोजित किया जाएगा।

पुनर्मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा मतदान दलों के गठन सहित सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। प्रकरण के संबंध में पुलिस थाना बिलाड़ा में प्राथमिकी भी दर्ज करवाई जा चुकी है।