Doordrishti News Logo

सुप्रीम कोर्ट में आसाराम की याचिका पर सुनवाई सर्दियों की छुट्टियों के बाद

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),सुप्रीम कोर्ट में आसाराम की याचिका पर सुनवाई सर्दियों की छुट्टियों के बाद। दुष्कर्म के अलग- अलग मामलों में उम्रकैद की सजा काट रहे आसा राम को सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल राहत नहीं मिली है। शीर्ष अदालत ने जोधपुर दुष्कर्म मामले में दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा बरकरार रखने के हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली आसाराम की याचिका पर सुनवाई सर्दियों की छुट्टियों के बाद करने की बात कही है। अदालत ने यह भी दर्ज किया कि पैरोल की अवधि 26 अक्टूबर को समाप्त होने के बाद आसाराम ने संबंधित अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।

मंगलवार को न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति के.विनोद चंद्रन की पीठ आसाराम की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। पीठ ने कहा कि हम सर्दियों की छुट्टियों के तुरंत बाद इस मामले की सुनवाई करेंगे। सुप्रीम कोर्ट सर्दियों की छुट्टियों के बाद चार जनवरी को दोबारा खुलेगा। पीठ ने यह भी ध्यान दिलाया कि वर्ष 2013 के गांधीनगर दुष्कर्म मामले में अपनी दोषसिद्धि और सजा के खिलाफ आसाराम की अपील गुजरात हाईकोर्ट में अब भी लंबित है।

जलते कचरे की चपेट में आई कार में लगी आग

इससे पहले 14 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती देने वाली आसाराम की याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया था, जिसमें उन्हें बीमार पत्नी से मिलने जाने के लिए जमानत देने से मना कर दिया गया था। आसाराम को जोधपुर और गांधीनगर में दर्ज अलग-अलग दुष्कर्म मामलों में उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। शीर्ष अदालत ने पहले रजिस्ट्री को राजस्थान की निचली अदालत से मामले के रिकॉर्ड मंगाने का निर्देश दिया था। इसमें डिजिटल और कागजी, दोनों तरह के रिकॉर्ड शामिल हैं। इन रिकॉर्ड की एक-एक प्रति याचिकाकर्ता, राज्य सरकार और पीडि़ता को उपलब्ध कराने को भी कहा गया था।

गुजरात के गांधीनगर में दर्ज मामले में निचली अदालत ने वर्ष 2023 में आसाराम को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। आरोप था कि उसने वर्ष 2001 से 2006 के बीच अहमदाबाद स्थित अपने आश्रम में एक शिष्या के साथ बार-बार दुष्कर्म किया। इस मामले में प्राथमिकी वर्ष 2013 में दर्ज कराई गई थी। दोषसिद्धि और सजा के खिलाफ आसाराम की अपील गुजरात हाईकोर्ट में लंबित है।