Doordrishti News Logo

अधिस्वीकृत पत्रकारों को रेल किराए में 50 फीसदी छूट बहाल करने की मांग

राजस्थान पत्रकार संस्थान ने केंद्रीय रेल मंत्री से मेल भेजकर की मांग

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),अधिस्वीकृत पत्रकारों को रेल किराए में 50 फीसदी छूट बहाल करने की मांग। राजस्थान पत्रकार संस्थान ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को मेल भेजकर अधिस्वीकृत पत्रकारों को रेल टिकट में 50 फीसदी छूट पुन: शुरू करने की मांग की है।
संस्थान ने बताया कि भारतीय रेलवे द्वारा राजस्थान सहित देश के सभी राज्यों के सरकारी मान्यता प्राप्त अधिस्वीकृत पत्रकारों को रेल यात्रा में वर्षों से 50 फीसदी छूट दी जा रही थी,जो कोरोना महामारी के समय बंद कर दी गई थी और अभी तक बहाल नहीं की गई है।

राजस्थान पत्रकार संस्थान के अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार लोढ़ा ने बताया कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ माने जाने वाले पत्रकारों को एक दशक से ज्यादा समय से मिलने वाली छूट अभी तक नहीं देकर वंचित रखा गया है,जो न्यायसंगत नहीं है। जबकि अन्य वर्गों को पूर्व की भांति छूट भारतीय रेलवे दे रहा है।

निर्वाचन कार्य गंभीरता और निष्पक्षता से करें: राज्य निर्वाचन आयुक्त

लोढ़ा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का सच्चा प्रहरी होने के साथ सरकारी योजनाओं,नीतियों और उपलब्धियों को आम नागरिकों तक पहुंचाने में समय-समय पर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और कभी भी कसर नहीं छोड़ता। संस्थान ने बताया कि पत्रकारों को समाचार संकलन और समाचार पत्र के कार्य से रेल यात्रा करनी आवश्यक होती है। ऐसे में भारतीय रेलवे द्वारा पत्रकारों के हितों की तरफ ध्यान नहीं रखकर केंद्र सरकार की तरफ से मिल रही एकमात्र सुविधा रेल टिकट में छूट भी बंद कर देना बिल्कुल गलत और अन्यायपूर्ण है।

राजस्थान पत्रकार संस्थान ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मांग की है कि राजस्थान सहित देश के सभी मान्यता प्राप्त अधिस्वीकृत पत्रकारों को भारतीय रेलवे द्वारा दी जाने वाली 50 फीसदी छूट तुरंत बहाल की जाए और पत्रकारों के परिवार को एक वर्ष में दो बार यात्रा करने पर मिलने वाली 50 फीसदी छूट को बढ़ाकर एक माह में दो बार करने के आदेश जारी किए जाएं।