राजस्थान में पत्रकार सुरक्षा कानून-2026 लागू करने की मांग तेज
मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),राजस्थान में पत्रकार सुरक्षा कानून-2026 लागू करने की मांग तेज। राजस्थान में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर राजस्थान पत्रकार संस्थान ने बड़ा कदम उठाया है। संस्थान के अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार नरेन्द्र कुमार लोढ़ा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की तर्ज पर राजस्थान में भी पत्रकार सुरक्षा कानून-2026 शीघ्र पारित करने की मांग की है।
यह ज्ञापन मुख्यमंत्री कार्यालय के साथ ही एसीएस सीएमओ को भी भेजा गया है। पत्र में बताया गया है कि राज्य में पत्रकार जनहित के साथ शासन और प्रशासन के हित में समाचारों का प्रकाशन करते हैं,लेकिन कई बार माफिया गिरोह और गुंडा तत्वों द्वारा पत्रकारों और उनके परिवारजनों के साथ मारपीट और उनकी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आती हैं। ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है।
राजस्थान पत्रकार संस्थान ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि महाराष्ट्र सरकार ने महाराष्ट्र मीडिया पर्सन इंस्टीट्यूशन प्रिवेंशन ऑफ वायलेंस एंड डैमेज और लॉस टू प्रॉपर्टी एक्ट 2017 के नाम से कानून को 2019 में लागू कर दिया है। इसी तरह छत्तीसगढ़ सरकार भी मीडियाकर्मी सुरक्षा कानून बनाकर जल्द लागू करने जा रही है।
दोनों राज्यों ने पत्रकारों और उनके परिवारों पर हमला करने या उनकी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने को आपराधिक घटना मानते हुए कड़े दंड और जुर्माने का प्रावधान किया है। नरेन्द्र कुमार लोढ़ा ने बताया कि राजस्थान पत्रकार संस्थान सहित राज्य के कई संगठनों ने समय- समय पर पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की है,लेकिन अभी तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
संस्थान ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि दशहरा और दीपावली के पावन पर्व पर राज्य के पत्रकारों को पत्रकार सुरक्षा कानून-2026 का तोहफा देकर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के प्रहरियों को गौरवान्वित किया जाए।
ज्ञापन के साथ महाराष्ट्र मीडिया कानून-2023 के गजट नोटिफिकेशन की प्रति भी संलग्न की गई है। संस्थान ने उम्मीद जताई है कि राज्य सरकार इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक कार्यवाही करेगी।
