Doordrishti News Logo

कचरा संग्रहण कंपनी के कर्मचारियों से मारपीट का आरोप

  • लोहे के सरिये से हमला
  • पिता पुत्र पर हमले का आरोप

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),कचरा संग्रहण कंपनी के कर्मचारियों से मारपीट का आरोप। सूरसागर थाना क्षेत्र में घर-घर कचरा संग्रहण का कार्य कर रही निजी कंपनी के कर्मचारियों के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि तनिष्क उपाध्याय ने सूरसागर थाने में लोकेश हंस और मुकेश हंस के खिलाफ शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार कंपनी को नगर निगम जोधपुर की ओर से 19 जून 2026 को जारी कार्यादेश के तहत शहर में घर-घर कचरा संग्रहण का कार्य दिया गया है। कंपनी द्वारा नियमित रूप से कचरा संग्रहण वाहन भेजकर सेवाएं दी जा रही हैं। शिकायत में बताया गया कि पहले लोकेश हंस की ओर से कंपनी को चालक और सहायक उपलब्ध करवाए जाते थे, जिसका भुगतान कंपनी द्वारा किया जाता था।

आरोप है कि 11 अगस्त 2026 को लोकेश हंस ने बिना पूर्व सूचना फलोदी जिले में संचालित कंपनी के कचरा संग्रहण वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया था। इस संबंध में फलोदी थाने में चोरी का मामला दर्ज करवाया गया था। बाद में पुलिस ने उक्त वाहनों को तिंवरी क्षेत्र से बरामद किया था।

एआई से फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर डाल युवती से ब्लैकमेल का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस घटना के बाद से लोकेश हंस कंपनी से रंजिश रखने लगा और कर्मचारियों को लगातार धमकाने लगा।

लोहे के सरिये से कर्मचारी पर हमला 
शिकायत के अनुसार 3 अक्टूबर की सुबह करीब पौने आठ बजे सूरसागर थाने के पीछे बड़ा रामद्वारा के सामने स्थित कंपनी के कार्यस्थल पर लोकेश हंस कथित रूप से बिना अनुमति प्रवेश कर गया। आरोप है कि उसने कंपनी के कर्मचारी अनिल कुमार के साथ लोहे के सरिये से मारपीट की।

हमले में अनिल के सिर, बाएं कान और हाथ में गंभीर चोटें आई। घायल कर्मचारी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि करीब 8 बजकर 20 मिनट पर लोकेश हंस के पिता मुकेश हंस कंपनी के परिसर में पहुंचे और अपने पद का प्रभाव दिखाते हुए कर्मचारी पवन कुमार के साथ लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट की। साथ ही पुलिस में शिकायत करने पर कार्रवाई की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

कंपनी प्रतिनिधि ने पुलिस को दी शिकायत के साथ घटना के सीसीटीवी फुटेज,चोटों के फोटो,फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग, फलोदी थाने में दर्ज मामले की प्रति तथा नगर निगम आयुक्त को दिए गए प्रतिवेदन भी उपलब्ध करवाए हैं।

शिकायतकर्ता ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्यस्थल में अनधिकृत प्रवेश,मारपीट,गंभीर चोट पहुंचाने और कर्मचारियों को धमकाने के आरोप में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर सूरसागर थाना पुलिस अब जांच में जुटी है।

Related posts: