स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर 26.59 लाख की धोखाधड़ी का आरोप
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर 26.59 लाख की धोखाधड़ी का आरोप। शहर में स्टॉक मार्केट में निवेश कर मूलधन के साथ अच्छा मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है।
परिवादी पुन्दीप मान ने पति- पत्नी के खिलाफ न्यायालय में फौजदारी परिवाद प्रस्तुत करते हुए करीब 26 लाख 59 हजार 990 रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। परिवाद के अनुसार पुन्दीप मान ने रोहित और उसकी पत्नी उषा के खिलाफ आरोप लगाया है कि दोनों लंबे समय से जोधपुर में स्टॉक मार्केट में निवेश और ट्रेडिंग से संबंधित कार्य करते थे।
रोहित द्वारा सीईएल ग्लोबल नामक फर्म का संचालन किया जाता था,जहां स्टॉक मार्केट में ट्रेडिंग और निवेश संबंधी जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया जाता था। परिवादी का आरोप है कि वर्ष 2019 में अभियुक्तों से मुलाकात के बाद उसने स्टॉक मार्केट का कोर्स किया। इसके बाद अभियुक्तों ने उसे निवेश करने पर मूलधन के साथ अच्छा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया।
राजस्थान हाईकोर्ट में अब आसान नहीं होगा प्रवेश
परिवाद में आरोप लगाया गया है कि अभियुक्तों के कहने पर परिवादी ने यूपीआई और एनईएफटी के माध्यम से 15 लाख 19 हजार 990 रुपये हस्तांतरित किए। परिवादी के अनुसार मांग करने पर उसे 4 लाख 40 हजार रुपये वापस दिए गए। इसके अलावा अभियुक्तों पर अलग-अलग तारीखों में परिवादी के कार्यालय आकर 10 लाख 80 हजार रुपये नकद लेने का भी आरोप लगाया गया है।
परिवादी का कहना है कि उसके कुल 26 लाख 59 हजार 990 रुपये अभियुक्तों के कब्जे में हैं, जिन्हें बार-बार मांग करने के बावजूद वापस नहीं किया गया। आरोप है कि शुरुआत में जल्द राशि लौटाने का आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन बाद में फोन उठाना बंद कर दिया गया और मोबाइल बंद कर लिए गए। परिवादी के अनुसार उसने मामले की शिकायत पुलिस थाना रातानाडा में की थी। मगर मामला दर्ज नहीं किया गया था।
