Doordrishti News Logo

पानी की डिग्गी में डूबने से तीन मासूमों की मौत

  • छोटे भाई को बचाने कूदी थी दो चचेरी बहनें
  • तीनों डूबे
  • तीन दिन पहले ही हुआ था मां का निधन

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),पानी की डिग्गी में डूबने से तीन मासूमों की मौत। जोधपुर जिले के बोरुंदा थाना क्षेत्र के चौकड़ी गांव में रविवार को एक खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। छोटे भाई को बचाने के लिए कूदी उसकी दो चचेरी बहनें भी पानी में डूब गई।

एक दिन में 5,300 पौंधे लगा कर दिया हरित भारत का संदेश

थानाधिकारी सुजानाराम बिश्नोई ने बताया कि गांव की सरहद चौकीदारों की ढाणी के पास खेत में बने पानी के होद (डिग्गी) में यह हादसा हुआ। हादसे में सुमन(12) पिता भिया, रेखा (16) पिता नाथूराम और प्रवीण (8) पिता महेंद्र की मौत हुई है। तीनों चचेरे भाई-बहन है। तीनों बच्चे घर से खेत जाने के लिए निकले थे।

खेत पहुंचने पर छोटे भाई प्रवीण को प्यास लगी और वह पानी पीने के लिए डिग्गी के पास गया। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह डिग्गी में गिर गया। प्रवीण को डूबता देख उसकी चचेरी बहनें सुमन और रेखा उसे बचाने के लिए तुरंत डिग्गी में कूद गईं।

डिग्गी में पानी गहरा होने के कारण तीनों ही डूब गए। जहां हादसा हुआ है। वहां मूंग की खेती की हुई है। मूंग की फलियां तोडऩे के लिए तीनों वहां पहुंचे थे। खेत में ही पानी की डिग्गी के पास पीने के पानी का पाइप लगा हुआ था। वहां पानी पीने बच्चा गया था। इसी दौरान प्रवीण डिग्गी में गिर गया।

प्रवीण को बचाने में उसकी दो बहनों की भी मौत हो गई। घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था,जिससे बच्चों को समय पर सहायता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों बच्चों के शव डिग्गी से बाहर निकाले।

शवों को पीपाड़ जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका पोस्टमार्टम किया गया। इस घटना से तीन दिन पहले ही प्रवीण की मां का आकस्मिक निधन हुआ था। परिवार शोक में डूबा था। अब तीन मौतों ने उन्हें और झकझोर दिया।