जोधपुर के तड़ीपार अपराधी की जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई के साथ फोटो वायरल
पुलिस और खुफिया एजेंसी हुई सतर्क
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोधपुर के तड़ीपार अपराधी की जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई के साथ फोटो वायरल। जोधपुर के तड़ीपार अपराधी पवन की कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। इसके बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई है। बताया जा रहा है कि पवन ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर लॉरेंस के साथ फोटो शेयर की है।
तस्वीर सामने आने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फोटो हाल की है या पुरानी। साथ ही जांच इस बात की भी की जा रही है कि यदि तस्वीर पुरानी है तो इसे अभी सोशल मीडिया पर क्यों शेयर किया गया।
पवन को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा और उसका करीबी गुर्गा बताया जाता रहा है। उसके खिलाफ पहले भी गिरोह को सहयोग देने समेत कई आरोप सामने आ चुके हैं और वह अलग-अलग मामलों में जेल भी जा चुका है।
पानी की डिग्गी में डूबने से तीन मासूमों की मौत
मौजूदा समय में उसके तड़ीपार होने के बावजूद सोशल मीडिया पर कुख्यात गैंगस्टर के साथ तस्वीर सामने आने से पुलिस की नींद उड़ गई है। पुलिस अब उसके सोशल मीडिया अकाउंट, तस्वीर के स्रोत और उसके हालिया संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
कौन है पवन
पवन जोधपुर का रहने वाला है और पुलिस रिकॉर्ड में उसका नाम अपराध से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है। उसे फिलहाल तड़ीपार अपराधी बताया जा रहा है। यानी प्रशासन की ओर से उसे जोधपुर की सीमा से बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद उसके नाम से सोशल मीडिया एक्टिविटी सामने आने के बाद पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि वह इस समय कहां मौजूद है।
हालांकि,वायरल तस्वीर अपने आप में यह साबित नहीं करती कि तस्वीर कब और किन परिस्थितियों में ली गई थी। इसी वजह से पुलिस फोटो की वास्तविकता और उसके समय की जांच कर रही है। इसके साथ ही पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट के पीछे की मंशा भी खंगाल रही है। जांच का एक अहम सवाल यह है कि तड़ीपार अपराधी के नाम से संचालित अकाउंट से इस तस्वीर को इसी समय क्यों पोस्ट किया गया।
