135 ऑटो चालकों पर कार्रवाई कर 55 वाहन सीज

  • ऑटो रिक्शा चालकों पर यातायात पुलिस का शिकंजा
  • 381 वाहनों की जांच

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),135 ऑटो चालकों पर कार्रवाई कर 55 वाहन सीज। शहर में बिना वैध दस्तावेजों के ऑटो- रिक्शा संचालित करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर 381 ऑटो-रिक्शा की जांच की। इस दौरान 135 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई, जबकि 55 ऑटो-रिक्शा सीज किए गए।

पुलिस के अनुसार अभियान जोधपुर पुलिस आयुक्त अंशुमन भोमिया के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं यातायात शाहीन सी, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात शालिनी राज, सहायक पुलिस उपायुक्त यातायात पूर्व विमला बिश्नोई तथा सहायक पुलिस उपायुक्त यातायात पश्चिम रतनसिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में चलाया जा रहा है।
दस्तावेज पूरे मिले तो

246 वाहन निकले सही 
विशेष अभियान के दौरान जांच किए गए 381 ऑटो-रिक्शा में से 246 वाहनों के वैध दस्तावेज पाए गए। 135 वाहन चालकों के पास आवश्यक कागजात अथवा अन्य दस्तावेजों का अभाव मिलने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बताया कि बिना परमिट,बिना फिटनेस तथा बिना रजिस्ट्रेशन संचालित पाए गए वाहनों के संबंध में परिवहन विभाग से भी पत्राचार किया जा रहा है।

ब्लॉक स्तरीय 14 वर्ष छात्र खोखो व कबड्डी प्रतियोगिता 25 व 26 अगस्त को

परमिट,फिटनेस,पीयूसी और रजिस्ट्रेशन जरूरी 
यातायात पुलिस ने सभी ऑटो-रिक्शा मालिकों और चालकों से अपील की है कि वे वाहन का वैध रजिस्ट्रेशन,फिटनेस, परमिट और पीयूसी दस्तावेज साथ रखें और इन्हीं के आधार पर शहर में वाहन संचालित करें।

आगे भी जारी रहेगा विशेष अभियान 
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना वैध दस्तावेजों के ऑटो- रिक्शा संचालित करने वालों के खिलाफ आगामी दिनों में भी विशेष अभियान के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।नियमों की अवहेलना करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।