प्रदेश भर में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया 80 वां स्वाधीनता दिवस
- मंत्रिपरिषद के सदस्यों, संभागीय आयुक्तों एवं जिला कलक्टरों ने किया झण्डारोहण
- जिलों की सांस्कृतिक विरासत और विकास को दर्शाती झांकियों ने मन मोहा
- समारोह का आगाज राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम गायन के साथ हुआ
- वीरांगनाओं का किया सम्मान
जयपुर (दूरदृष्टीन्यूज), प्रदेश में 80 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह शनिवार को हर्षाेल्लास के साथ समारोह पूर्वक मनाया गया। जिला मुख्यालयों पर आयोजित समारोह में मंत्रिपरिषद के सदस्यों, संभागीय आयुक्तों एवं जिला कलक्टरों द्वारा झण्डारोहण के बाद मार्च पास्ट की सलामी ली गई तथा स्कूली विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये।
सोमवार को निकलेगी नगरीय निकाय व पंचायतीराज संस्थाओं की आरक्षण लॉटरी
कार्यक्रम में राज्यपाल के अभिभाषण का वाचन भी किया गया। इस अवसर पर वीरांगनाओं के सम्मान के साथ उल्लेखनीय सेवाओं और उपलब्धियों के लिए सरकारी कार्मिकों, विद्यार्थियों व समाजसेवी लोगों को सम्मानित भी किया गया। जिलों में समारोह का आगाज राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम् गायन के साथ हुआ।
जोधपुर
जिला स्तरीय मुख्य समारोह उम्मेद राजकीय स्टेडियम में आयोजित हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि संसदीय कार्य, विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल ने ध्वजारोहण किया तथा परेड निरीक्षण के उपरांत मार्च पास्ट की सलामी ली।
इस अवसर पर पूर्व सांसद (राज्यसभा) राजेंद्र गहलोत,राजस्थान जीव जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई,जोधपुर विधायक अतुल भंसाली,सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी, त्रिभुवन सिंह भाटी, संभागीय आयुक्त कन्हैया लाल स्वामी,पुलिस महानिरीक्षक (जोधपुर रेंज)सत्येंद्र सिंह,जिला कलक्टर आलोक रंजन, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि जोगाराम पटेल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं,बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले असंख्य ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करने और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संकल्प लेने का दिवस है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान ‘आपणो अग्रणी राजस्थान’ के संकल्प के साथ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि स्वतंत्रता की विरासत को विकास की शक्ति बनाते हुए गरीब, युवा,किसान,नारी शक्ति एवं समाज के अंतिम छोर तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा समृद्ध, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनें।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) जवाहर चौधरी ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया।
सवाई माधोपुर
आजादी का 80वां स्वतन्त्रता दिवस समारोह शनिवार को पूरे सवाई माधोपुर जिले में उत्साह, उमंग,हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह में कृषि, उद्यानिकी एवं ग्रामीण विकास,आपदा प्रबंधन विभाग मंत्री डॉ.किरोडी लाल मीणा ने पुलिस परेड़ मैदान में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सलामी दी।
समारोह में मुख्य अतिथि मंत्री डॉ.मीना ने खुली जिप्सी में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। डॉ.मीना ने उपस्थित जनों को सम्बोधित करते हुए देश के महापुरूषों और स्वतंत्रता सेनानियों के अदम्य साहस,बलिदान और संघर्ष का स्मरण किया। अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा ने राज्यपाल का प्रदेश वासियों के नाम संदेश का पठन किया।
टोंक
समारोह के मुख्य अतिथि जलदाय और भू जल विभाग के मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगीत वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान की धुन आरएसी एवं राजस्थान पुलिस के बैण्ड द्वारा बजाई गई। मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। उन्होंने वीरांगनाओं का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 88 प्रतिभाओं को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर विनोद कुमार मीना ने राज्यपाल का संदेश का पढ़ा।
कोटा
जिला स्तरीय मुख्य समारोह महाराव उम्मेदसिंह स्टेडियम में आयोजित हुआ जहां मुख्य अतिथि शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने ध्वजारोहण किया। मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण कर मार्चपास्ट की सलामी ली।
समारोह को सम्बोधित करते हुए शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि देशभक्त शहीदों के बलिदान और त्याग की बदौलत आज हम आज आजाद भारत में सांस ले पा रहे हैं। हमें इस आजादी को सहेजना होगा। विकास के साथ-साथ संस्कारों को आत्मसात करते हुए सुयोग्य नागरिक तैयार करने होंगे। नशे के दुष्प्रभावों से आगाह करते हुए उन्होंने युवा पीढ़ी को इससे दूरी बनाने की अपील की।
प्रतापगढ़
प्रतापगढ़ जिले में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमा,उल्लास और सांस्कृतिक भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हॉकी मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री हेमन्त मीणा ने ध्वजारोहण किया। राजस्व मंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता का अर्थ तभी सार्थक होता है,जब समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान,अधिकार और आगे बढ़ने के अवसर मिलें। हमारा प्रयास है कि सरकार की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें,बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।उन्होंने कहा की स्वतंत्रता दिवस के इस अवसर पर हम सभी मिलकर ऐसा प्रतापगढ़ बनाने का संकल्प लें,जहां विकास की रोशनी हर गांव और हर परिवार तक पहुंचे। समारोह के आरंभ में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने राज्यपाल के संदेश का वाचन किया।
पाली
राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस जिलेभर में हर्षोल्लास एवं उमंग के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय पर मुख्य समारोह राजकीय बांगड़ स्टेडियम में आयोजित हुआ। समारोह में पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान हुआ और उन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। पशुपालन मंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देशवासियों के लिए गौरव का पर्व है। उन्होंने सभी से राष्ट्रीय गौरव की भावना को सदैव हृदय में संजोए रखने तथा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ.बजरंग सिंह ने राज्यपाल के अभिभाषण का पठन किया।
सीकर
80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह जिलेभर में उत्साह और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। जिला खेल स्टेडियम सीकर में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने ध्वजारोहण किया। राज्य मंत्री खर्रा ने परेड का निरीक्षण करने के पश्चात मार्च पॉस्ट की सलामी ली। उन्होंने कहा कि महान क्रांतिकारियों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज हमें स्वतंत्रता मिली है। हमें उनके बलिदान को सदैव याद रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन महान क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए यातनाएं सही और अपना जीवन देश के नाम कर दिया,उन सभी वीर सपूतों को आज के दिन नमन करता हूं। अतिरिक्त जिला कलेक्टर सीकर डॉ. राकेश कुमार मीणा ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया।
नागौर
मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री डॉ.मंजू बाघमार ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने पुलिस एवं विभिन्न टुकड़ियों की परेड का निरीक्षण किया। जवानों ने अनुशासित मार्च पास्ट के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन का संदेश दिया।
उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आह्वान किया कि सभी नागरिक राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें तथा विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामरतन सोंकरिया ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया।
बूंदी
समारोह में मुख्य अतिथि ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं बूंदी जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद ऊर्जा राज्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। समारोह के दौरान ऊर्जा राज्यमंत्री ने कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत की झोली में स्वर्ण पदक डालने वाली गोविन्दपुर बावड़ी की होनहार बेटी और अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज अरुंधति चौधरी को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने इस उपलब्धि को पूरे जिले और प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। इसमें अतिरिक्त जिला कलक्टर एचडी सिंह ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया।
सिरोही
जिला स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय गीत के गायन के बाद राज्य के ग्रामीण विकास,पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन,सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने ध्वजारोहण किया।राष्ट्रगान के बाद परेड का निरीक्षण किया गया और मार्च पास्ट की सलामी ली।
कार्यक्रम के दौरान अपने सम्बोधन में राज्यमंत्री देवासी ने सभी को स्वाधीनता दिवस की बधाई दी, देश की आजादी के लिए अपना बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में तथा राज्य के मुख्यमंत्री मजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार विकसित राजस्थान की दिशा में पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
उन्होंने राज्य सरकार द्वारा आबू पर्वत का नाम आबूराज किये जाने पर खुशी वक्त की। उन्होने सभी से राजस्थान को समृद्ध और आपणो अग्रणी राजस्थान बनाने के लिए कौशल और उद्यम के साथ सहभागिता निभाने की बात कही। अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ राजेश गोयल ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया।
जालोर
जालोर स्टेडियम में आयोजित समारोह में मुख्य सचेतक ने ध्वजा रोहण के बाद परेड का निरीक्षण किया तथा परेड कमाण्डर रिजर्व लाइन निरीक्षक लीलसिंह के नेतृत्व मे मार्च पास्ट की सलामी ली। मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने स्वाधीनता दिवस पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प के साथ देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सेवा एवं सुशासन के संकल्प को साकार करते हुए राज्य के लोकप्रिय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास के पथ पर अग्रसर है।
राज्य सरकार के अनेक लोक कल्याणकारी फैसले व नीतिगत निर्णयों से कृषकों,युवाओं, महिलाओं, वृद्धजनों एवं सैनिक कल्याण सहित सामाजिक सुरक्षा,ऊर्जा, पेयजल व सड़क इत्यादि क्षेत्रों में राजस्थान प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेन्द्र सिंह चांदावत ने राज्यपाल का आम जनता के नाम सन्देश का पठन किया।
बाड़मेर
जिला स्तरीय समारोह में उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री केके विश्नोई ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री केके विश्नोई ने जन समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान की धरती सदैव वीरता और त्याग की भूमि रही है। उन्होंने क्रांतिकारी कुंवर प्रताप सिंह बारहठ के त्याग का स्मरण करते हुए युवा पीढ़ी से राष्ट्र निर्माण में समर्पण एवं देशभक्ति की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री केके विश्नोई ने बालोतरा में 9 मिलियन मीट्रिक टन क्षमता वाले लगभग 79 हजार करोड़ रुपए की लागत से तैयार देश के पहले इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। इससे राज्य को लगभग 21 हजार करोड़ रुपए की आय होने तथा 10 हजार प्रत्यक्ष एवं एक लाख से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की बात कही।
उन्होंने कहा कि रिफाइनरी के साथ बोरावास-कलावा औद्योगिक क्षेत्र में विकसित होने वाला पेट्रोजोन 500 से अधिक औद्योगिक इकाइयों के माध्यम से राजस्थान को मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
फलौदी
जिले में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के मुख्य आतिथ्य में स्वतंत्रता दिवस समारोह मेजर शैतान सिंह स्टेडियम फलौदी में हर्षोल्लास से मनाया गया। अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रियंका तलानिया ने राज्यपाल का संदेश पठन किया।
समारोह पर संबोधित करते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने छात्र छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रम व संयुक्त मार्च पास्ट की सराहना करते हुए सभी जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले सभी अमर शहीदों को विन्रम श्रद्वांजलि अर्पित करते हुए स्वाधीनता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि फलौदी जिला विकास की राह पर है। जिलेवासियों के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित है। जिले के अंतिम पंक्ति में बैठे आम आदमी तक राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान कर उनका जीवन खुशहाल बनाने के लिए राज्य सरकार हर सम्भव प्रयास कर रही है।
चित्तौड़गढ़
जिला मुख्यालय स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम में 80वां स्वतंत्रता दिवस जिला स्तरीय मुख्य समारोह उत्साह,गरिमा और देशभक्ति के उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन (राज्यमंत्री) गौतम कुमार दक ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली।इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश धाकड़ ने राज्यपाल का संदेश पढ़कर सुनाया।
मुख्य अतिथि सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम कुमार दक ने स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीरों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है,जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।दक ने प्रदेश में पेयजल, शिक्षा,सिंचाई, सड़क,हरियाली और रोजगार सृजन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं तथा आगामी नियुक्तियों के लिए भी नया कैलेंडर जारी किया गया है।
ब्यावर
जिला स्तरीय मुख्य समारोह में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने जिलेवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति के वंदन और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को स्मरण करने का पावन अवसर है।
उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं,वह वीर शहीदों के त्याग,तपस्या और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर पूरी मुस्तैदी से तैनात वीर जवानों के कारण देशवासी सुरक्षित एवं चौन की सांस ले रहे हैं। उन्होंने सीमाओं की रक्षा में जुटे जवानों के साहस एवं समर्पण को भी नमन किया।
उदयपुर
उदयपुर जिला मुख्यालय पर गांधी ग्राउण्ड में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि; जनजाति क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने ध्वजारोहण कर सभी को राष्ट्रीय पर्व की शुभकामनाएं दी। समारोह में उदयपुर सांसद डॉ.मन्नालाल रावत,उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन,संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी,आईजी गौरव श्रीवास्तव,जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल,एसपी डॉ अमृता दुहन, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि,वरिष्ठ अधिकारी,शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी और शहरवासी मौजूद थे।
समारोह को संबोधित करते हुए केबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि स्वाधीनता दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान का स्मरण कराता है,जिनके संघर्ष से देश को आजादी मिली। आजादी की इस अमूल्य विरासत को सुरक्षित रखना और देश की एकता-अखंडता को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
हनुमानगढ़
स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित मुख्य समारोह की शुरुआत खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मामले मंत्री सुमित गोदारा द्वारा ध्वजारोहण करने से हुई। इसके साथ ही राष्ट्रगान हुआ। अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदी लाल मीणा ने राज्यपाल के संदेश का वाचन किया। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहा।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह में जिलेवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हनुमानगढ़ भी विकास की नई इबारत लिख रहा है। अमृतसर- जामनगर ग्रीन एक्सप्रेस- वे जैसे बड़े राष्ट्रीयप्रोजेक्ट जिले से गुजर रहे हैं,नहरों का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है और भविष्य में आर्थिक प्रगति के साथ जिले में हवाई अड्डे जैसी सुविधाएं भी विकसित होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य में सबसे तेज गति से विकास करने वाले जिलों में हनुमानगढ़ अग्रणी है।
अलवर
स्थानीय इंदिरा गांधी स्टेडियम में शनिवार को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)संजय शर्मा के मुख्य आतिथ्य में हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर वन राज्यमंत्री शर्मा ने ध्वजारोहण कर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 24 प्रतिभाओं को मान्यता स्वरूप जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया एवं वीरांगनाओं को शॉल ओढाकर एवं तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित करते हुए उनके चरण स्पर्श किए।
वन राज्यमंत्री शर्मा ने 80वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी तथा स्वतंत्रता आन्दोलन में प्राणोत्सर्ग करने वाले क्रांतिकारियों, स्वतंत्रता सेनानी व शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों,शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का निर्वहन राष्ट्र के प्रति समर्पित भाव से करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे वीर सैनिक देश की सीमाओं के प्रहरी के रूप में कार्य करते अपना सर्वोच्च बलिदान कर सीमाओं को सुरक्षित रखते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शिता एवं नेतृत्व के परिणामस्वरूप देश में चिकित्सा व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रत्येक जिला मुख्यालय पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जा रही है,जिसके तहत अलवर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना कर उसका नामकरण पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व.अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से किया गया है तथा मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण 16 अगस्त को केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह द्वारा किया जाएगा।अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम योगेश डागुर ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया।
डीडवाना-कुचामन
डीडवाना स्थित राजकीय खेल स्टेडियम में आयोजित हुए जिला स्तरीय मुख्य समारोह में राजस्व, उपनिवेशन एवं सैनिक कल्याण राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इससे पूर्व उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित शहीदों को नमन किया। जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली।
राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने उपस्थित नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमे देश के महापुरूषों और स्वतंत्रता सेनानियों के अदम्य साहस, बलिदान और संघर्ष के साथ साथ सीमा पर हमारी रक्षा करने वाले सेना व सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस के जवानों के बलिदान को भी सदा स्मरण रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे देश ने हर क्षेत्र में उन्नति के नए आयाम स्थापित किये है। देश-दुनिया में हमारी छवि निरंतर सशक्त हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में हमारा देश ने विगत वर्षों में आर्थिक,राजनीतिक,सामरिक एवं रणनीतिक रूप से हर मोर्चे पर अमित छाप छोड़ी है,जो हम सबके के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि ये बताते हुए हर्ष हो रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प की दिशा में राजस्थान भी मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में प्रतिबद्धता के साथ कदम बढ़ा रहा है। विकसित राजस्थान के संकल्प के साथ राज्य सरकार प्रदेश के विकास के लिए ठोस निर्णय ले रहा है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर रतन कुमार ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों के परिजनों एवं वीरांगनाओं का सम्मान किया गया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 57 अधिकारियों,कार्मिकों, सामाजिक कार्यकर्ता,भामाशाह एवं लोक कलाकारों सहित खिलाडियों व विद्यार्थीयों को भी सम्मानित किया गया।
दौसा
जिला मुख्यालय पर पंडित नवल किशोर शर्मा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में जिला कलक्टर डॉ.सौम्या झा ने ध्वजारोहण किया तथा परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। सब इंस्पेक्टर मनीषा, होमगार्ड का प्लाटून कमांडर गोपाल लाल मीना, एनसीसी एसडी का एसयूओ अर्जुन सिंह, हिन्दुस्तान गाइड्स का सीमा गुर्जर, हिन्दुस्तान स्काउट्स का अमित मीना एवं स्टूडेन्ट पुलिस कैडेट्स का मुख्य समारोह में अतिरिक्त जिला कलक्टर अरविंद कुमार शर्मा ने महामहिम राज्यपाल के संदेश का पठन किया।
शहीद वीरांगनाओं में शहीद घनश्याम गुर्जर की माता सुशीला देवी एवं शहीद रामबल गुर्जर की पत्नी गुलाब देवी को जिला कलक्टर एवं अन्य अतिथियों ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
चूरू
जिला मुख्यालय पर पुलिस लाईन मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण,पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम,अतिरिक्त जिला कलक्टर अर्पिता सोनी,सीईओ श्वेता कोचर सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि,कर्मचारी,नागरिक,विद्यार्थी मौजूद थे।
कार्यक्रम के आरंभ में जिला कलक्टर ने ध्वाजारोहण कर मार्च पास्ट का निरीक्षण कर सलामी ली। अतिरिक्त जिला कलक्टर अर्पिता सोनी ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया। समारोह में आरआई बजरंगल लाल के नेतृत्व में राजस्थान पुलिस, महिला पुलिस, होम गार्ड एवं एनसीसी, स्काउट-गाइड ने मार्च पास्ट किया। उपस्थित सभी ने राष्ट्रगीत का सामूहिक गान किया। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा, एसपी निश्चय प्रसाद एम, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण ने जिले में उत्कृष्ट कार्य एवं बेहतर उपलब्धियों पर 61 अधिकारियों, कर्मचारियों, संस्थाओं, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों एवं नागरिकों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए।
श्रीगंगानगर
स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त 2026) का मुख्य समारोह शनिवार को डॉ.भीमराव अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय के खेल प्रांगण में समारोह पूर्वक आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि जिला कलक्टर डॉ.अमित यादव ने प्रातः 9ः05 बजे ध्वजारोहण किया।
मुख्य समारोह में जिला कलक्टर ने परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन सुभाष कुमार ने राज्यपाल का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का पठन किया।
करौली
जिले भर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूर्ण गरिमा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह जिला कलक्टर अक्षय गोदारा के मुख्य आतिथ्य में सोमवार को मुंशी त्रिलोकचन्द माथुर स्टेडियम में आयोजित किया गया। समारोह की शुरूआत करते हुए जिला कलेक्टर ने प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण कर मार्चपास्ट की सलामी ली एवं परेड का निरीक्षण किया।
मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए भारत के वीर शहीदों को नमन किया और कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज की युवा पीढी को अपने लक्ष्य के प्रति अग्रसर होकर देश सेवा के लिये संकल्प लें।
अतिरिक्त जिला कलक्टर महावीर सिंह ने राज्यपाल का प्रदेशवासियों के नाम सन्देश का पठन किया।
डूंगरपुर
डूंगरपुर जिले में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय पर मुख्य समारोह लक्ष्मण मैदान पर आयोजित किया गया। जिला कलक्टर देशलदान ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। वाद्य यंत्रों की स्वर लहरियों के साथ राष्ट्रगान और देशभक्ति के जज्बे के साथ मुख्य अतिथि द्वारा परेड निरीक्षण एवं मार्च पास्ट हुआ। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रकाश चंद्र रेगर ने राज्यपाल का संदेश पढ़कर सुनाया।
झालावाड़
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को विजया राजे सिंधिया राजकीय खेल संकुल, झालावाड़ में जिला स्तरीय समारोह देशभक्ति, गौरव और उल्लास के वातावरण में गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगान की गूंज के साथ पूरा खेल संकुल राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग गया और उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया।
समारोह के दौरान जिला कलक्टर ने पुलिस, होमगार्ड तथा विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के दलों द्वारा प्रस्तुत परेड एवं मार्चपास्ट का निरीक्षण किया और सलामी ली। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर कमल सिंह यादव ने राज्यपाल का संदेश वाचन किया।
धौलपुर
जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह एवं हर्षाेल्लास के साथ गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन परेड ग्राउण्ड में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में राष्ट्रभक्ति का जोश और उमंग देखने को मिला। समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी तथा मार्च पास्ट की सलामी ली।
उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रध्वज के सम्मान में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने के साथ ही राष्ट्र के प्रति कर्तव्य एवं जिम्मेदारी का संदेश दिया।
जैसलमेर
जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को राष्ट्रभक्ति,उल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह सोनार दुर्ग की तलहटी में स्थित शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया एवं खुली जिप्सी में सवार होकर मार्चपास्ट की सलामी ली।
उन्होंने सभी से लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपने मताधिकार का स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं जिम्मेदारी पूर्वक प्रयोग करने तथा अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर परसाराम सैनी ने समारोह में राज्यपाल का संदेश पढ़कर सुनाया।
बांसवाड़ा
जिलेभर में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। बांसवाड़ा जिला मुख्यालय पर कुशलबाग मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में जिला कलक्टर डॉ.इन्द्रजीत यादव ने राष्ट्रगान की धुन के बीच ध्वजारोहण किया।
मुख्य समारोह में जिला कलक्टर डॉ.इन्द्रजीत यादव ने निरीक्षण करने के पश्चात मार्च पॉस्ट की सलामी ली। अतिरिक्त जिला कलक्टर पर्वतसिंह चूण्डावत ने राज्यपाल के संदेश का वाचन किया।
बालोतरा
महात्मा ज्योतिबा फुले स्टेडियम में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने प्रातः 9.00 बजे ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली। अपने संबोधन में उन्होंने स्वतंत्रता दिवस को प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व, स्वाभिमान और उमंग का प्रतीक बताते हुए स्वतंत्रता सेनानियों,अमर शहीदों और देश की सीमाओं की रक्षा में तत्पर वीर जवानों को नमन किया।
समारोह के दौरान जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव, जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार कॉवट, पचपदरा विधायक डॉ.अरुण चौधरी द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
भीलवाड़ा
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भीलवाड़ा जिला मुख्यालय पर मुख्य अतिथि रहे उपमुख्यमंत्री डॉ.प्रेमचंद बैरवा ने राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने मार्च पास्ट को सलामी दी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार विकसित एवं समृद्ध राजस्थान के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। सरकार समाज के सभी वर्गों के विकास और कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कोटपूतली-बहरोड
जिला स्तरीय मुख्य समारोह में जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात उन्होंने परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली।समारोह में विशिष्ट अतिथि विधायक कोटपूतली हंसराज पटेल सहित जिले के अधिकारी,कर्मचारी,जनप्रतिनिधि,वीरांगनाएं, सम्मानित नागरिक,विद्यार्थी,मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
बारां
जिला स्तरीय मुख्य समारोह का गरिमामय आयोजन कृषि उपज मंडी समिति प्रांगण में हुआ, जहां मुख्य अतिथि जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने शान से तिरंगा फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली।
अतिरिक्त जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल ने राज्यपाल के संदेश का पठन कर सभी को प्रदेश की प्रगति का संदेश दिया।समारोह में सांसद दुष्यंत सिंह, विधायक राधेश्याम बैरवा,जिला प्रमुख उर्मिला जैन, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
भरतपुर
जिला स्तरीय समारोह में जल संसाधन एवं प्रभारी मंत्री सुरेश सिंह रावत ने झंडारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली।
समारोह में राज्यपाल के संदेश का पठन अतिरिक्त कलक्टर राजीव शर्मा ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि रावत ने शहीद वीरांगनाओं को शॉल ओढाकर सम्मानित किया।
जिले में राजकीय कार्यों का पूर्ण निष्ठा, कर्मठता से सम्पादन किये जाने के उपलक्ष्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 59 अधिकारी-कार्मिकों एवं उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया।जल संसाधन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल के नेतृत्व में प्रदेश में चहुमुखी विकास की संकल्पना साकार हो रही है। कृषि, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। औद्योगिक विकास के लिए किए गए प्रयास सफल हो रहे है।
उन्होंने कहा कि भरतपुर में भी अभूतपूर्व विकास कार्य प्रगति पर है। हर वर्ग हर क्षेत्र के लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे है। पूर्वजों ने हमें आजादी दी हमें आने वाली पीढ़ियों को विकसित एवं उन्नत देश प्राकृतिक संसाधनों के साथ देना होगा। इसके लिए युवाओं को उन्होंने देश सेवा के लिए समर्पित भाव से आगे आने का आव्हान किया। उन्होंने भरतपुर के गौरवशाली इतिहास, शौर्य,संस्कृति की चर्चा करते हुए विकास कार्यों को अभूतपूर्व बताया। समारोह से पूर्व उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया।
