कृषि विभाग ने छापेमारी के 14 दिन बाद दर्ज करवाया मामला
किरोड़ीलाल मीणा ने बीज घूस कांड में पकड़े गए किरण कपाड़िया का माल करवाया था जब्त
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),कृषि विभाग ने छापेमारी के 14 दिन बाद दर्ज करवाया मामला। बीकानेर में 15 करोड़ रुपए के सीज मूंगफली के नकली बीज छुड़ाने की एवज में ढाई करोड़ की रिश्वत के मामले में गिरफ्तार गुजरात के जूनागढ निवासी किरण कुमार कपाडिय़ा ने ही जोधपुर में पांच लाख किलो से अधिक मूंगफली का स्टोरेज कर रखा था। इसका खुलासा जोधपुर कृषि विभाग द्वारा मंडोर थाने में दर्ज करवाई गई रिपोर्ट में हुआ है।
विभाग के निरीक्षक राजेंद्र गढ़वाल की ओर से मंडोर थाने में दी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि गत 27 मई को जोधपुर के मंडोर क्षेत्र में 9 मील स्थित विनायक कोल्डस्टोरेज पर की गई छापेमारी में जो मूंगफली बरामद हुई वह गुजरात की दो फर्म की थी। जिसका मालिक किरण कुमार कपाडिय़ा था। हालांकि,विभाग ने अवैध भंडारण के लिए कोल्ड स्टोरेज की मालिक शीखा भूतड़ा व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
मंडोर थानाधिकारी शेषकरण ने बताया कि विभाग की रिपोर्ट पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है,जिसकी जांच सब इंस्पेक्टर अरुणा कुमारी को दी गई है।
उल्लेखनीय है कि 27 मई को कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने जोधपुर के 9 मील स्थित कोल्ड स्टोरज पर छापा मारा था। यहां पर बडी संख्या में मूंगफली थी, लेकिन कोल्ड स्टोरेज संचालक इसका पूरा जवाब नहीं दे पाए थे। लेकिन तब मंत्री ने यह कहा था कि गुजरात की फर्मों का यह माल है,जिसकी कीमत करीब पचास करोड़ है। यह बीज नहीं है,लेकिन सीजन शुरू होने पर इसे बीज के नाम पर बेचने की तैयारी है। यह अवैध भंडारण है,जो नियमानुसार गलत है। इसके लिए किसी तरह का अनुज्ञा पत्र नहीं पाया गया था।
27 हजार कट्टे हुए थे बरामद
विभागीय रिपोर्ट में सामने आया है कि छापेमारी में कुल 27179 कट्टे मूंगफली के पाए गए थे। प्रत्येक कट्टे में 20 किलो मूंगफली थी, जिन्हें बीज के लिए लाया गया था। इस हिसाब से 5 लाख 43 हजार 580 किलो माल था। इसके लिए संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया गया। इसके बाद इनकी जब्ती कर गुरुवार को विभाग ने रिपोर्ट थाने में दी थी। जिस पर रात को मामला दर्ज हुआ था। हालांकि,उस दिन मीणा ने बोरानाडा व मथानिया में भी दो जगह छापेमारी की थी,लेकिन उनमें अभी किसी तरह की कार्रवाई नहीं हुई है।
