डीजल शेड में मनाया विद्युत सुरक्षा सप्ताह

कर्मचारियों को दिए सुरक्षा के टिप्स

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),डीजल शेड में मनाया विद्युत सुरक्षा सप्ताह। भगत की कोठी डीजल शेड में विद्युत सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों में विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (डीजल) राजकुमार शर्मा के अनुसार मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में सप्ताह भर चले इस अभियान के दौरान सुरक्षित कार्य प्रणाली, सुरक्षा उपकरणों के उपयोग तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रक्रियाओं पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। डीजल शेड में कार्यरत कर्मचारियों को फील्ड में जाकर सुरक्षित विद्युत कार्य प्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

पीपाड़ रोड तक ही चलेगी जोधपुर-बिलाड़ा पैसेंजर

कार्यक्रम के दौरान पूर्व में हुई घटनाओं पर भी चर्चा की गई तथा उनसे सीख लेकर भविष्य में अधिक सतर्कता और सुरक्षा मानकों के साथ कार्य करने के लिए कर्मचारियों को प्रेरित किया गया। कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाने के लिए शेड परिसर में विद्युत सुरक्षा संबंधी बैनर और पोस्टर्स भी लगाए गए। सप्ताह के दौरान गतिविधियों में तीन सौ कर्मचारियों ने भाग लिया।

इस दौरान इंस्ट्रक्टर लखपत सिंह पुरोहित एवं वरिष्ठ इंस्ट्रक्टर पंकज शर्मा ने सुरक्षा सेमिनार लेकर कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य प्रणाली की जानकारी दी।

सेफ्टी क्विज प्रतियोगिता हुई
विद्युत सुरक्षा सप्ताह के तहत आयोजित सेफ्टी क्विज प्रतियोगिता में जेई रामनिवास पालीवाल, टेक्नीशियन शिवकुमार सेंवर तथा एसएसई प्रमोद राय ने सर्वाधिक अंक प्राप्त किए। रेलवे अधिकारियों ने विजेताओं को बधाई देते हुए सभी कर्मचारियों से सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।