उम्मेद अस्पताल की अनूठी पहल अब इलाज के साथ होगी बच्चों की पढ़ाई
उपचार संग शिक्षा कार्यक्रम का शुभारंभ
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),उम्मेद अस्पताल की अनूठी पहल अब इलाज के साथ होगी बच्चों की पढ़ाई। अस्पताल में भर्ती बीमार बच्चों की पढ़ाई अब बीमारी के कारण बाधित नहीं होगी। केयरगिवर्स आशा सोसाइटी की पहल एक मेरी आशा केयर स्किल इंस्टीट्यूट और डॉ.एलएम सिंघवी मानव सेवा केंद्र के सहयोग से उम्मेद अस्पताल में एक अभिनव कार्यक्रम उपचार संग शिक्षा (Learning While Healing की शुरुआत सोमवार को की गई। यह राजस्थान में अपने प्रकार की पहली पहल है,जहाँ शिक्षा और स्वास्थ्य का सार्थक समन्वय किया जा रहा है।
डॉ.बीएस जोधा की अध्यक्षता में हुआ शुभारंभ
इस अनूठे कार्यक्रम के शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता डॉ.एसएन मेडिकल कॉलेज,जोधपुर के प्रिंसिपल एंड कंट्रोलर डॉ.बीएस जोधा ने की। समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ.एसएन मेडिकल कॉलेज के भूतपूर्व प्रिंसिपल डॉ.अरविंद माथुर,उम्मेद अस्पताल के अधीक्षक डॉ.मोहन मकवाना,डॉ.संदीप चौधरी एवं डॉ. एसके बिश्नोई उपस्थित थे।
इस अवसर पर प्रशिक्षित शिक्षिका पूजा व्यास,सेकंड फ्लोर बच्चा वार्ड की इंचार्ज आनन्द कौर चौहान एवं हॉस्पिटल केयर टेकर डॉ.ललित जेलिया,रूपेश पुरोहित,विनोद, सत्यनारायण,राकेश माथुर, हरिसिंह भी मौजूद रहे।
वार्ड में लगेगी 2 घंटे की क्लास
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में भर्ती बच्चों को इलाज के दौरान भी शिक्षा से जोड़े रखना है। अस्पताल के बाल रोग वार्ड में शिक्षिका पूजा व्यास द्वारा प्रतिदिन लगभग 2 घंटे के शिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। बच्चों की कक्षा और उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार,उन्हें समूह में या बेडसाइड पर ही सरल और गतिविधि आधारित पढ़ाई करवाई जाएगी। इससे बीमारी के दौरान बच्चों का डर और तनाव कम होगा और उनका आत्मविश्वास बना रहेगा।
बीमारी नहीं रोक सकती सीखने की यात्रा
इस सकारात्मक पहल के बारे में पूर्व प्रिंसिपल डॉ.अरविंद माथुर ने कहा कि बीमारी बच्चों की सीखने की यात्रा को नहीं रोक सकती, उपचार संग शिक्षा उसी संकल्प का एक महत्वपूर्ण कदम है। संस्था ने आमजन से भी इस पहल से जुड़ने और सहयोग करने की अपील की है,ताकि अस्पताल का अनुभव बच्चों के लिए सकारात्मक बनाया जा सके।
