रसोई गैस सिलेण्डरों की कमी नहीं,सभी एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक
- अवैध भण्डारण,रीफिलिंग व कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई
- तीन स्थानों से गैस सिलेण्डर जब्त
- एफआईआर दर्ज
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),रसोई गैस सिलेण्डरों की कमी नहीं,सभी एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशानुसार जिला रसद विभाग द्वारा जिले में रसोई गैस सिलेण्डरों की उपलब्धता एवं आपूर्ति की सतत निगरानी की जा रही है। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में रसोई गैस सिलेण्डरों की आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं है तथा सभी गैस एजेंसियों पर पर्याप्त संख्या में गैस सिलेण्डर उपलब्ध हैं।
राजस्थान दिवस पर अरबन हाट में लगेगी पंच गौरव ओडीओपी प्रदर्शनी
उपभोक्ताओं से आवश्यकता अनुसार ही बुकिंग करने का आग्रह
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया गया है कि वे आवश्यकता के अनुसार ही गैस सिलेण्डर की बुकिंग करें,ताकि अनावश्यक रूप से सर्वर पर दबाव न बढ़े और बुकिंग प्रक्रिया में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो।
चार दिनों में औसतन 19 हजार से अधिक सिलेण्डरों की आपूर्ति
उन्होंने बताया कि जोधपुर जिले में पिछले चार दिनों 10 से 13 मार्च तक प्रतिदिन औसतन 19 हजार 380 गैस सिलेण्डरों की आपूर्ति उपभोक्ताओं को की गई है। जिससे स्पष्ट है कि जिले में गैस वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
एजेंसियों का सतत निरीक्षण, पर्याप्त स्टॉक की पुष्टि
जिला रसद विभाग की टीम द्वारा गैस एजेंसियों का निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में पिछले तीन दिनों के दौरान जोधपुर शहर में 19 गैस एजेंसियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 23 गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण रिपोर्ट के अनुसार सभी एजेंसियों पर गैस सिलेण्डरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध पाया गया।
अवैध भंडारण व कालाबाजारी के विरुद्ध कार्रवाई
जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल एवं पुलिस आयुक्त शरत कविराज के निर्देशानुसार शनिवार को जिला रसद विभाग ने पुलिस विभाग के सहयोग से जिला नियंत्रण कक्ष पर प्राप्त शिकायतों तथा औचक निरीक्षण के आधार पर जोधपुर जिले में गैस सिलेण्डरों के अवैध भण्डारण,रीफिलिंग एवं काला बाजारी के विरुद्ध कार्रवाई की। इस दौरान संबंधित आरोपियों के विरुद्ध संबंधित पुलिस थानों में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।
कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन अधिकारी मानवेन्द्र,राधेश्याम,विक्रम एवं राजकरण द्वारा मिल्क मैन कॉलोनी से 14 व्यावसायिक एवं 11 घरेलू गैस सिलेण्डर,राजीव गांधी कॉलोनी से 33 व्यावसायिक,4 घरेलू तथा 5 किलोग्राम के 3 सिलेण्डर तथा मसूरिया क्षेत्र से 11 घरेलू गैस सिलेण्डर जब्त किए गए।
भविष्य में भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि अवैध भंडारण,रीफिलिंग एवं काला बाजारी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं गैस सिलेण्डरों की कालाबाजारी अथवा अवैध गतिविधियों की सूचना मिले तो इसकी जानकारी जिला प्रशासन अथवा नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराएं।
