केंद्र का बजट भविष्य निर्माण का आधार-गौरव भाटिया
-प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत बना विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),केंद्र का बजट भविष्य निर्माण का आधार-गौरव भाटिया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि केंद्र का बजट फ्यूचरिस्टिक और विकसित भारत की नींव रखने वाला है। उन्होंने भारत को दुनिया की “उभरती हुई वैश्विक शक्ति” बताते हुए आर्थिक सुधारों,विकास दर और भविष्य के रोडमैप पर विस्तार से चर्चा की। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया गुरुवार को जोधपुर पहुंचे। वे सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
गौरव भाटिया ने कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने 11वीं अर्थव्यवस्था से छलांग लगाकर आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का स्थान हासिल किया है। उन्होंने बताया कि जहां विकसित देश 1 से 3 प्रतिशत की विकास दर से जूझ रहे हैं,वहीं भारत 7.4 से 7.8 प्रतिशत की मजबूत विकास दर के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यूपीए शासनकाल में जहां महंगाई दर 11 प्रतिशत तक पहुंच गई थी,वह अब सिमटकर 3 से 4 प्रतिशत पर आ गई है। वित्तीय घाटे (Fiscal Deficit) को 4.3 प्रतिशत तक सीमित करना केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि AI और सेमीकंडक्टर सेक्टर में 40,000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रावधान किया गया है। इसके माध्यम से गेमिंग और प्रोग्रामिंग सेक्टर में 20 लाख रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है। रेयर अर्थ मिनरल्स के लिए तमिलनाडु, केरल,ओडिशा और आंध्र प्रदेश को जोड़ते हुए एक नया कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। उन्होंने बजट की तुलना करते हुए कहा कि डिफेंस बजट 2.30 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 5.95 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। रोड और ट्रांसपोर्ट बजट 37,000 करोड़ रुपये से बढ़कर लगभग 6 लाख करोड़ रुपये हो गया है।
लोकसभा में विपक्ष द्वारा किए जा रहे हंगामे पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए गौरव भाटिया ने कहा कि आज का युवा देश सेवा का अवसर खोज रहा है,जबकि विपक्ष संसद के भीतर मंत्री को गद्दार कहने,लोकतंत्र के मंदिर में नारेबाजी करने और पीठासीन अधिकारी पर कागज फेंकने जैसे कृत्य कर रहा है।
साहित्य संवाद के नामवर सिंह विशेषांक का लोकार्पण शनिवार को
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह लोकतंत्र का सम्मान है? उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक जनरल की पुस्तक को रक्षा मंत्रालय द्वारा अनुमति नहीं दी गई है,क्योंकि यह विषय राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित है, इसके बावजूद विपक्ष इस मुद्दे पर राजनीति कर रहा है।उन्होंने जनरल नरवणे के बयान का हवाला देते हुए कहा कि जब स्पष्ट रूप से कहा जा चुका है कि भारत की एक इंच भूमि भी चीन के कब्जे में नहीं है,तो विपक्ष देश को भ्रमित करने का प्रयास क्यों कर रहा है। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के दिल्ली आगमन को लेकर पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और वहां संविधान की मर्यादा का पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को अपने अधिकारों के तहत निर्णय लेने का पूर्ण अधिकार है और यह मामला वर्तमान में सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बिहार में कांग्रेस सिमटकर रह गई,उसी प्रकार पश्चिम बंगाल में भी जनता परिवर्तन चाहती है और आने वाले समय में वहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कथन को दोहराते हुए कहा कि भारत भारतीयों के लिए है,घुसपैठियों के लिए नहीं। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल,जिला महामंत्री प्रतिपाल सिंह वालेचा, ओम प्रकाश दहिया एवं गौरव जैन उपस्थित थे।
