श्रीसिद्धेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धा व हर्षोल्लास से मनाया जाएगा महाशिवरात्रि पर्व

  • मंदिर को रंगरोगन व विद्युत रोशनी से सजाया गया है
  • पंडितों के सानिध्य में होगा रुद्राभिषेक
  • शाम को भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक पंकज जांगिड़ देंगे प्रस्तुति
  • तैयारियां पूरी कर ली गई हैं
  • शहर के सभी मंदिरों में होंगे विशेष आयोजन
  • सत्संग भवन से निकलेगी शिव बारात

जोधपुर(डीडीन्यूज)।श्रीसिद्धेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धा व हर्षोल्लास से मनाया जाएगा महाशिवरात्रि पर्व। फाल्गुन मास में कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर बुधवार को चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के 20-ई सेक्टर स्थित आदर्श नगर में श्रीसिद्धेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास से मनाया जाएगा।

इसे भी पढ़िएगा – भगत की कोठी यार्ड में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य पूरा,ट्रेनें बहाल

आदर्श नगर के समस्त निवासियों के सहयोग से मनाएजाने वाले इस पर्व के आयोजन में विभिन्न कार्यक्रम किए जाएंगे। इस अवसर पर मंदिर में आकर्षक फूल मंडली सजाई जाएगी। कार्यक्रम के तहत रुद्रपाठी पंडितों के सानिध्य में रुद्राभिषेक होगा। सायं साढ़े 5 बजे से होने वाली भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक पंकज जांगिड़ भगवान भोलेनाथ के भजनों की प्रस्तुति देंगे।

मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व पर सायं 7.30 बजे महाआरती होगी। इसके बाद परसादी वितरित की जाएगी। उसके बाद स्थानीय महिला मंडल की ओर से भजन कीर्तन किए जाएंगे। महाशिवरात्रि के इस आयोजन के लिए आदर्श नगर के निवासियों में उत्साह है। प्रत्येक व्यक्ति इस महापर्व की तैयारी में जुटा है।

मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व के लिए रंगरोगन किया गया है। आकर्षक विद्युत रोशनी से मंदिर को सजाया गया है। यहां स्थापित प्रतिमाओं के लिए नई पोशाकें बनाई गई हैं। मंदिर में साफसफाई आदि की व्यवस्था की गई है।

शहर के मंदिरों में होंगे विशेष आयोजन

इसी प्रकार शहर के सभी शिव मंदिरों में महाशिवरात्रि का पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा। शहर के प्रमुख मंदिर अचलनाथ, भूतनाथ,जागनाथ सहित सभी शिव मंदिरों व शिवालयों में पूरी रात चारों प्रहर रुद्राभिषेक व आरती होगी।

महर्षि दयानन्द बोधोत्सव के अवसर पर आर्य समाज महामंदिर व आर्य वीर दल क्रान्तिकारी रामप्रसाद प्रसाद बिस्मिल व्ययामशाला शाखा के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक आर्य समाज महामंन्दिर, पावटा सी रोड, पर यज्ञ आयोजित किया जाएगा। मगरा पूंजला क्षेत्र स्थित माधव उद्यान के मातेश्वर महादेव मंदिर में दो दिवसीय महाशिवरात्रि पर्व मनाया जा रहा है।

माधव पर्यावरण प्रसार सोसायटी के अध्यक्ष सुभाष गहलोत ने बताया कि महादेव की 8 गुणा 12 फीट ऊंची मूर्ति का रंग रोगन किया गया है। दो दिवसीय महाशिवरात्रि कार्यक्रम में रात प्रथम दिन भजन गायक प्रकाश माली भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। दूसरे दिन रमेश एण्ड पार्टी विभिन्न तरह की झांकियां सहित प्रस्तुतियां देंगे।

सती माता गो सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में महाशिवरात्रि के पर्व पर नन्दी भक्ति उत्सव विभिन्न नन्दी शालाओं में मनाया जाएगा। फाउंडेशन के सन्तों के सान्निध्य में नन्दी पूजन किया जाएगा। घोड़ों का चौक स्थित दूधेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 51 किलो गोदुग्ध से सामूहिक महाअभिषेक होगा। पुराने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे स्थित लगभग 90 वर्ष प्राचीन श्रमिकेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा।

पं.ध्यानीशंकर व्यास और महेश व्यास के आचार्यात्व में शाम 7 बजे से सुबह 5 बजे तक चार महाभिषेक किए जाएंगे। रात्रि 9 बजे से भजन संध्या होगी। ऋषिकुल धाम सेवा संस्था ट्रस्ट के तत्वाधान में आचार्य पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर डॉ.स्वामी शिव स्वरूपानंद सरस्वती के सानिध्य में 26 फरवरी को जोधपुर में पहली बार शिवरात्रि पर्व पर पार्थिवेश्वर शिवलिंग का 21 हजार बार अभिषेक होगा।

ट्रस्टी एवं प्रवक्ता भंवरलाल बाहेती ने बताया कि विशेष बात यह है कि संगम प्रयागराज के जल से अभिषेक होगा जो दुर्लभ है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सिंधु महादेव मंदिर हेमू कालानी सर्कल सरदारपुरा पर महाशिवरात्रि महोत्सव बुधवार को धूमधाम से मनाया जाएगा।

शिव बारात निकाली जाएगी
शिव बारात महोत्सव समिति सरदारपुरा प्रखंड द्वारा महाशिवरात्रि पर सरदारपुरा के सत्संग भवन से शाम सात बजे विराट शिव बारात निकाली जाएगी जो गोल बिल्डिंग जालोरी गेट से सिरे बाजार होती हुई अचलनाथ मंदिर पर विसर्जित होगी। बारात से पूर्व सत्संग भवन पर संतों के सानिध्य में मंच पर आयोजन समिति विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी जनप्रतिनिधि के साथ गणमान्य लोगों की उपस्थिति में कार्यक्रम होगा।

समिति के संयोजक शुभम् प्रजापत ने बताया कि समिति अध्यक्ष शुभम् हंस के नेतृत्व में निकलने वाली इस बार बारात में आकर्षक का केंद्र काशी के अघोरी की मसान होली,महाकाल की झांझ डमरू टोली,शुक्र शनिचर के साथ देवों व राक्षसी नृत्य होगा। बारात हाथी घोड़े ऊंट के साथ शाही लवाजमे से गाजे बाजे, बाड़मेर की गेर, मराठी ढोल नगाड़ों की टोली के साथ बैल पर महादेव दूल्हा बन कर बैठेंगे। इस बार विशेष महाकाल की भस्म आरती की भस्मी से शामिल बारातियों का त्रिपुंड लगा शहर को शिवमय बनाया जाएगा।

महाशिवरात्रि के पावन पर्व के उपलक्ष्य में ओल्ड कैंपस के सामने स्थित श्रीपीपलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में कैलाश पर्वत थीम पर छह फीट के महादेव व सात शिवलिंगों की मनोरम प्रतिमा बनाई गई है। जिसका मंदिर के प्रमुख पुजारी पंडित शिवसागर शास्त्री द्वारा विधिविधान से पूजा-अर्चना के साथ मंदिर के महंत श्रीधर गिरी ने जलाभिषेक कर प्रतिमा का अनावरण किया।