Doordrishti News Logo

जनेऊ संस्कार कार्यक्रम से 10 लाख के स्वर्णाभूषण चोरी

मेकअप करने वाली महिला और उसके पति पर जताया संदेह

जोधपुर, शहर के जैसलमेर रोड पर एक रिसोर्ट में चल रहे जनेऊ संस्कार कार्यक्रम में दस लाख के स्वर्णाभूषण चोरी हो गए। पीडि़त ने कार्यक्रम में आई मेकअप करने वाली महिला और उसके पति पर आभूषण चोरी का संदेह जताते हुए रिपोर्ट दी है। घटना को लेकर पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर रही है। फिलहाल इस बारे में खुलासा नहीं हो पाया है।

राजीव गांधी नगर थानाधिकारी अनिल यादव ने बताया कि कमला नेहरू नगर अंध विद्यालय के समीप डी-92 में रहने वाले राजेश कुमार पुत्र सूरजकरण श्रीमाली की तरफ से मामला दर्ज करवाया गया। इसमें बताया कि उसके दो बच्चों शिवांग और रूद्राक्ष के जनेऊ संस्कार कार्यक्रम जैसलमेर रोड स्थित रिसोर्ट एम्पायर में चल रहा था। कार्यक्रम आठ मई को हुआ था। कार्यक्रम में ब्यूटी पार्लर चलाने वाली एक महिला को बुलाया गया था। वक्त घटना महिला का पति भी साथ था।

पीडि़त ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसकी पत्नी का मेकअप चल रहा था तब उसके कमरे पर केवल ब्यूटी पार्लर चलाने वाली महिला की मौजूद थी। उसकी पत्नी ने गहने एक बैग में रखे हुए थे जो बाद में नदारद थे। जिनमें चार तोले का नेकलेस, पांच तोले का एक अन्य हार, एक डायमंड सेट, कानों की बालियां सहित तकरीबन 20 तोला सोने के जेवर थे। पुलिस ने बताया कि घटना में मामला दर्ज किया गया है। जांच एसआई बगड़ाराम की तरफ से की जा रही है। घटना में अब ब्यूटी पार्लर चलाने वाली महिला और उसके पति को बुलाकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल इस बारे में सुराग नहीं लगा है। सीसीटीवी फुटेज को जांचा जा रहा है।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews