NNF जोधपुर द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह का आयोजन
- थीम: एक स्थायी जीवन की शुरुआत के लिए स्तनपान: जो कारगर है उसे मजबूत करें
- जन्म के पहले घंटे में स्तनपान और 6 महीने तक केवल स्तनपान पर दिया जोर
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),NNF जोधपुर द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह का आयोजन।राष्ट्रीय नवजात शिशु मंच (NNF), जोधपुर शाखा द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह 2026 का आयोजन 1 से 7 अगस्त को किया जा रहा है। WHO और UNICEF के आह्वान पर प्रतिवर्ष मनाए जाने वाले इस सप्ताह की इस वर्ष की थीम है “Breastfeeding for a sustainable start in life: strengthen what works”-“एक स्थायी जीवन की शुरुआत के लिए स्तनपान: जो कारगर है उसे मजबूत करें”
लोकतंत्र की मजबूती में मीडिया की भूमिका अहम: डीएम मनीष कुमार
NNF जोधपुर के अनुसार इस वर्ष का मुख्य उद्देश्य माँ और शिशु के स्वास्थ्य के लिए कारगर सिद्ध हुए प्रयासों को मजबूत करना और स्तनपान के लिए “Warm Chain of Support” को सुदृढ़ करना है।
सप्ताहभर चलेंगी ये गतिविधियां
NNF जोधपुर की ओर से सप्ताह के दौरान ये कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
1.जोधपुर के सभी प्रमुख अस्पतालों,मेडिकल कॉलेजों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में माताओं के लिए स्तनपान जागरूकता एवं परामर्श शिविर।
2.नर्सिंग स्टाफ,आशा कार्यकर्ता व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए स्तनपान तकनीक पर कार्यशाला।
3.गर्भवती महिलाओं के लिए जन्म के पहले घंटे में स्तनपान शुरू करने का महत्व,सही पोजीशन और अटैचमेंट पर प्रदर्शन।
4.कार्यस्थल पर स्तनपान के लिए सहयोगी वातावरण बनाने हेतु जन-जागरूकता अभियान।
NNF का संदेश-स्तनपान बच्चे का पहला टीकाकरण
NNF जोधपुर ने कहा कि “स्तनपान सिर्फ एक आहार नहीं,बल्कि बच्चे के जीवन का पहला टीकाकरण है।” यह बच्चे को कुपोषण,डायरिया, निमोनिया जैसे संक्रमणों से बचाता है। माँ को स्तन और अंडाशय के कैंसर से सुरक्षा देता है। स्तनपान पूरी तरह प्राकृतिक, सुरक्षित और टिकाऊ है।
मुख्य सिफारिशें
-जन्म के पहले 1 घंटे के भीतर स्तनपान अवश्य शुरू कराएं।
-पहले 6 महीने तक केवल स्तनपान
-पानी,शहद,घुट्टी कुछ भी नहीं।
-6 महीने के बाद पूरक आहार के साथ 2 वर्ष तक स्तनपान जारी रखें।
-फॉर्मूला मिल्क के अनुचित विज्ञापन से बचें।
NNF जोधपुर ने सभी परिवारों,समुदाय,कार्य स्थलों और स्वास्थ्य संस्थानों से अपील की है कि वे स्तनपान कराने वाली माताओं का सहयोग करें ताकि एक स्वस्थ एवं स्थायी भविष्य की नींव रखी जा सके।
