बुजुर्ग महिला को देख दो बाइक सवार बदमाशों ने चेन पर मारा झपट्टा खींचातानी में वृद्धा गिरी
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),बुजुर्ग महिला को देख दो बाइक सवार बदमाशों ने चेन पर मारा झपट्टा खींचातानी में वृद्धा गिरी।
शहर के महामंदिर स्थित लोढ़ों की गली में वृद्धा से दो दिन पहले लूट का प्रयास हुआ। छीनाझपट्टी में वृद्धा नीचे गिर गई।
बाइक सवार बदमाश बाद में भाग गए। घटना के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो भी वायरल हुआ था। बदमाशों के नागौर की तरफ से भागने की आशंका जताई जाती है। फिलहाल पुलिस की टीमें पीछे लगी है।
बदमाशों ने पहले इलाके में चक्कर लगाया और महिला को अकेली जाते देखा फिर पता पूछने के बहाने उनकी चेन पर झपट्टा मारा। चेन मजबूत होने के कारण टूटकर नीचे गिरी। झपट्टा लगने से बुजुर्ग महिला नीचे गिर गईं। चेन नहीं टूटने से बदमाश उसे लेकर भागने में नाकाम रहे।
बुजुर्ग महिला के बेटे जसवंत राज लोढ़ा ने महामंदिर थाने में रिपोर्ट देकर मामला दर्ज करवाया है। महामंदिर थानाधिकारी देवेंद्र सिंह देवड़ा ने बताया कि वारदात के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
राजीव नगर और महामंदिर क्षेत्र के कैमरों की फुटेज भी जांची गई। जांच में सामने आया कि संदिग्ध बदमाश गलियों में घूमकर अकेली महिलाओं को तलाशते हैं और मौका मिलते ही उन्हें निशाना बनाते हैं। इसके लिए पुलिस ने थाना स्तर पर टीम गठित कर दी है। पुलिस को अंदेशा है कि दोनों स्मैक के आदी है। नशे की पूर्ति के लिए इस तरह की वारदात करते हैं।
