आधुनिक ट्रैक अनुरक्षण तकनीकों का प्रशिक्षण

  • पीडब्ल्यूआई को दिए दक्षता बढ़ाने के गुर
  • विकास केंद्र में आयोजित शिविर में आधुनिक तकनीकों और संरक्षा मानकों की दी जानकारी

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),आधुनिक ट्रैक अनुरक्षण तकनीकों का प्रशिक्षण। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित विकास केंद्र में गुरुवार को इंजीनियरिंग शाखा के पीडब्ल्यूआई के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। मंडल के विभिन्न सेक्शनों से आए 30 पीडब्ल्यूआई ने इसमें भाग लेकर आधुनिक ट्रैक अनुरक्षण तकनीकों,नवीन कार्यप्रणालियों और संरक्षा मानकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

मेड़तारोड बनेगा उत्तर पश्चिम रेलवे की मेमू ट्रेनों का आधुनिक मेंटेनेंस हब

शिविर को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि सुरक्षित और निर्बाध रेल संचालन की नींव मजबूत रेल पथ अनुरक्षण पर टिकी होती है। पीडब्ल्यूआई रेल पटरियों, स्लीपर, बैलेस्ट,पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग का नियमित निरीक्षण और अनुरक्षण करते हैं।

ट्रैक में किसी भी प्रकार की खराबी का समय पर निस्तारण, मानसून के दौरान ट्रैक पेट्रोलिंग,संरक्षा मानकों का पालन तथा ट्रैक मेंटेनरों के कार्यों की निगरानी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हैं। उन्होंने कहा कि बदलती तकनीक के अनुरूप नियमित प्रशिक्षण से कार्यकुशलता और संरक्षा दोनों में वृद्धि होती है।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ अधिकारियों ने आधुनिक ट्रैक निरीक्षण प्रणाली,अनुरक्षण में उपयोग होने वाली नई मशीनों,गुणवत्ता नियंत्रण, कार्यस्थल सुरक्षा और दक्षता बढ़ाने के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। प्रतिभागियों ने तकनीकी सत्रों में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने अनुभव साझा किए तथा विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

प्रशिक्षण के समापन पर ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिससे प्रतिभागियों के तकनीकी ज्ञान का आकलन किया गया। इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य अभियंता (निर्माण)अमित जैन,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) मनोहर सिंह,वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी,उपमुख्य अभियंता (निर्माण) अभिमन्यु आर्य, नागेश मीणा,परवेन्द्र सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।