सोना खरीदने वाले ज्वैलर सहित तीन गिरफ्तार
- लूट के लिए रेलवे स्टेशन से अपाचे बाइक किराए पर ली
- रास्ते में बदली नंबर प्लेट
- लुटेरी गैंग का खुलासा -वारदात में प्रयुक्त बाइक और लूटा गया सोना बरामद
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),सोना खरीदने वाले ज्वैलर सहित तीन गिरफ्तार। माता का थान थाना पुलिस ने एक बुजुर्ग महिला के साथ हुई कंठी लूट की वारदात का खुलासा करते हुए चोरी का माल खरीदने वाले ज्वैलर समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटर साइकिल और लूटा गया सोना भी बरामद कर लिया है।
डीसीपी (ईस्ट) मनीष चौधरी ने बताया कि बुजुर्ग महिला के साथ हुई कंठी लूट के मामले में तीन आरोपियों संजय सी कॉलोनी प्रतापनगर निवासी सलमान उर्फ सोनू, बरकाना हाउस सोजती गेट निवासी मोहम्मद अयान खिलजी और चोरी का सोना खरीदकर उसे गलाने वाले ज्वैलर छोटी चेता की गली,राखी हाउस निवासी तपन संतरा माहेश्वरी को गिरफ्तार किया है। यह पूरी घटना 21 जून की है।
विद्याधर नगर (जोधपुर) निवासी पेपा देवी अपने घर के बाहर गेट पर कुर्सी डालकर बैठी थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक हेलमेट पहनकर वहां आए और एक कागज दिखाकर पता पूछने का बहाना करने लगे। इसी बीच मौका पाकर बदमाशों ने महिला के गले में पहनी सोने की कंठी पर झपट्टा मारा,उसे तोड़ा और फरार हो गए। इस वारदात के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 72 घंटे में पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
ट्राफिक कांस्टेबल सूने घर से 15 लाख के जेवरात चोरी
आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस टीमों ने करीब 350 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए किराए की बाइक लेकर निकले थे।
मोबाइल लूटने निकले थे नशेड़ी बदमाश
डीसीपी मनीष चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आला दर्जे के नशेड़ी हैं। पकड़े गए मुख्य आरोपी सलमान उर्फ सोनू के खिलाफ पहले से चोरी और नकबजनी के 7 मामले दर्ज हैं,जबकि एक मामला आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज है। वारदात वाले दिन यानी 21 जून को आरोपी कोई महंगा मोबाइल फोन लूटने की फिराक में थे।
रेलवे स्टेशन से अपाचे बाइक किराए पर ली,रास्ते में बदली नंबर प्लेट
इसके लिए वे रेलवे स्टेशन से किराए पर एक अपाचे बाइक लेकर आए। पहचान छुपाने के लिए उन्होंने रास्ते में ही बाइक की नंबर प्लेट खोल दी और मोबाइल लूटने के इरादे से जोधपुर शहर में घूमने लगे। काफी देर तक भटकने के बाद भी जब वे कोई महंगा मोबाइल लूटने में कामयाब नहीं हो पाए,तो वे घूमते हुए विद्याधर नगर इलाके में पहुंच गए।
वारदात के बाद पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी शहर की तंग गलियों में बाइक दौड़ाते रहे,ताकि पुलिस उनके भागने के रास्ते (रूट) का पता न लगा सके। इसके बाद उन्होंने किराए की बाइक वापस लौटा दी और लूटी गई सोने की कंठी ज्वैलर तपन संतरा को बेच दी।
