जोधपुर में नई फिल्म रिलीज होने के बाद शुरू होंगे सिनेमाघर

जोधपुर, कोरोना से बचाव को शुरू की गई सख्ती में छूट देते हुए सिनेमाघर खोलने की अनुमति तो जारी कर दी लेकिन दुविधा में पड़े इनके संचालक अभी तक इन्हें शुरू नहीं कर पाए हैं। नई फिल्मों का अकाल पड़ा हुआ है। सिनेमा संचालक पचास फीसदी क्षमता के साथ पुरानी फिल्मे दिखाने के मूड में नहीं है। ऐसे में सिनेमाघर जाकर फिल्म देखने के शौकीन लोगों को फिलहाल इंतजार करना पड़ सकता है।

दरअसल सिनेमाघरों को 50 फीसदी सीटों की क्षमता के साथ खोलने की स्वीकृति मिली है। राज्य सरकार ने शनिवार से लॉकडाउन के नियमों में कुछ छूट प्रदान की थी। इसके तहत सिनेमाघरों को पचास फीसदी क्षमता के साथ खोलने की सशर्त अनुमति भी प्रदान की गई थी।

सिनेमाघर जाने वाले दर्शक के कोरोना वैक्सीन की एक डोज लगी होना अनिवार्य किया गया था। सिनेमाघर में प्रवेश करते समय वैक्सीन लगी होने का प्रमाण पत्र दिखाना अनिवार्य किया गया है। ऐसे में जोधपुर के सिने प्रेमी उम्मीद लगाकर बैठे थे कि शहर के सिनेमाघर शुरू हो जाएंगे लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी।

कोहिनूर के संचालक जमील ने बताया कि फिलहाल हम लोग सिनेमा दिखाना शुरू करने की स्थिति में नहीं हैं। नई फिल्म रिलीज ही नहीं हो रही है। पुरानी फिल्म लगाते हैं तो दर्शक नहीं आते हैं। ऊपर से राज्य सरकार ने पहले से पचास फीसदी दर्शक संख्या की सीमा रेखा तय कर रखी है। उन्होंने कहा कि देखते हैं कि क्या हालात बनते हैं।

नई फिल्म की रिलीज डेट भी अभी तक तय नहीं है। आइनोक्स के देवेन्द्र का कहना है कि हम अभी तक सिनेमाघर शुरू करने की तैयारी में जुटे हैं। हमने अपनी कंपनी को इस बारे में बता दिया है। हम ऊपर से निर्देश मिलने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने भी स्वीकार किया कि अगले कुछ दिन में नई फिल्म की रिलीज तय नहीं है।

फास्ट एंड फ्यूरस आने वाली है। हमें भी नई फिल्मों का इंतजार है ताकि उनके साथ शुरुआत करने से दर्शकों को बड़ी संख्या में आकर्षित किया जा सके। उन्होंने बताया कि कोरोना से लोगों को बचाने के लिए दर्शकों के लिए वैक्सीन की एक डोज लगी होना अनिवार्य करना अच्छा फैसला है। इससे दर्शक कोरोना के भय को दरकिनार कर तनाव रहित होकर फिल्म देख सकेंगे।

>>> नशीली दवा का मामला: डेढ़ साल से फरार आरोपी लगा पुलिस के हाथ

 

Similar Posts