सेवानिवृत कर्मचारी का शव कायलाना झील में मिला

-मंगलवार की सुबह निकले थे घर से
-मछलियां को चुग्गा डालते हादसे की आशंका
-रात में हुई गुमशुदगी दर्ज

जोधपुर(डीडीन्यूज),सेवानिवृत कर्मचारी का शव कायलाना झील में मिला। शहर के भगत की कोठी स्थित कृष्णा नगर में रहने वाले सरकारी सेवा से रिटायर्ड कर्मचारी का शव आज सुबह कायलाना झील से रेस्क्यू कर निकाला गया।

मंगलवार शाम से झील में सर्च चल रहा था,रात होने पर सर्च रोका गया और आज सुबह फिर सर्च कर मालवीय बंधुओं ने शव को बाहर निकाला। उनकी पहचान की गई है। मछलियों को चुग्गा डालते हादसा होने की आशंका है। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

भगत की कोठी थानाधिकारी राजीव भादू ने बताया कि कृष्णा नगर में रहने वाले गंगाराम पुत्र लादूराम जाट सरकारी सेवा में सहायक अभियंता पद से रिटायर हुए थे। वे मंगलवार की सुबह अपने घर से कार लेकर निकले थे। मगर शाम तक घर नहीं लौटे थे।

रात को परिजन की तरफ से थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। हालांकि उनकी कार मंगलवार की शाम को कायलाना क्षेत्र में देखी गई थी। तब पानी में किसी के गिरने की आशंका में पुलिस को सूचना दिए जाने के साथ मालवीय बंधुओं की तरफ से सर्च अभियान चलाया गया था। मगर रात होने पर सर्च रोक दिया गया। आज सुबह फिर से सर्च कर पानी से उनका शव बरामद किया गया।

थानाधिकारी राजीव भादू ने बताया कि वे अपनी कार लेकर कायलाना गए थे। किसी प्रकार का सुसाइड नोट आदि नहीं मिला है। संभवत: मछलियों को चुग्गा डालते हुए यह हादसा हुआ होगा।

पुलिस ने देखी गाड़ी :-
मंगलवार की शाम को कायलाना पुलिस चौकी के कांस्टेबल रमेश विश्नोई और दिनेश सोढा गश्त कर रहे थे। तब गाड़ी दिखी। उन्होंने इधर-उधर देखा और गोताखोरों को फोन किया तो तुरंत गोताखोर दाऊलाल मालवीय के नेतृत्व में भरत चौधरी,गणेश,ओमप्रकाश आदि आए और रेस्क्यू किया। आज सुबह छह बजे फिर से रेस्क्यू कर शव को पानी से बाहर निकाला जा सका।

आप अपने संस्थान का विज्ञापन बहुत ही कम लागत में यहां देकर प्रचार- प्रसार करके व्यापार को बढ़ा सकते हैं। विज्ञापन के लिए मोबाइल नंबर –9414135588 पर संपर्क कीजिए।