संपर्क पोर्टल पर शिकायतों का समयबद्ध समाधान न होने पर होगी सख्त कार्रवाई-कलेक्टर
साप्ताहिक समीक्षा बैठक में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),संपर्क पोर्टल पर शिकायतों का समयबद्ध समाधान न होने पर होगी सख्त कार्रवाई-कलेक्टर। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने कहा है कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादियों की समस्याओं का त्वरित,पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए,अन्यथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने एवरेज डिस्पोजल टाइम को कम करने पर विशेष जोर देते हुए सभी विभागों को समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए।
रंजन ने सोमवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में राज्य एवं केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं,पेयजल प्रबंधन, शिकायत निवारण तंत्र तथा विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की विभागवार सघन समीक्षा करते हुए दिशा निर्देश दिए।
आयुर्वेद विवि जोधपुर ने AIIA से किया MoU,आइडिया कैंप लगेंगे
लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर जोर
बैठक में संपर्क एवं जनसुनवाई से जुड़े लंबित प्रकरणों,सीएमओ एवं वीआईपी संदर्भों,विभिन्न आयोगों में लंबित प्रकरणों तथा कोर्ट केस/पीएलपीसी मामलों की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए,जिससे आमजन को त्वरित राहत मिल सके।
बजट घोषणाओं एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
बैठक में बजट घोषणाओं के अंतर्गत भूमि आवंटन,अप्रारंभ कार्यों की स्थिति तथा विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। रंजन ने निर्देश दिए कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होने दिया जाए।
जनसुनवाई प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण अनिवार्य
आलोक रंजन ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई से जुड़े प्रकरणों को निर्धारित समयावधि में निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का शीघ्र एवं गुणवत्ता पूर्ण समाधान है,जिसके लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें।
जनगणना 2027 की स्व-गणना के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
बैठक में आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत 1 से 15 मई 2026 तक होने वाली स्व- गणना प्रक्रिया के संबंध में भी चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं इस प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित करें तथा आमजन को भी इसके लिए प्रेरित करते हुए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करें।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी,जिला परिषद आशीष कुमार मिश्रा,अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) जवाहर चौधरी, अतिरिक्त जिला कलक्टर (द्वितीय) सुरेंद्र सिंह पुरोहित,उपखण्ड अधिकारी (उत्तर) आईएएस प्रीतम कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
