Doordrishti News Logo

ICMR-NIHR जोधपुर में SHINE 2026 कार्यक्रम संपन्न

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),ICMR-NIHR जोधपुर में SHINE 2026 कार्यक्रम संपन्न।अनुसंधान विभाग -DHR-ICMR द्वारा ICMR-NIHR, जोधपुर में साइंस एंड हेल्थ इनोवेशन फॉर द नेक्स्टजेन एक्सप्लोरर-SHINE 2026 कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें DPS,पाल रोड एवं सेंट ऐनीज स्कूल के 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

विधायक जनसुनवाई केन्द्र का लोकार्पण

उद्देश्य
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा विकसित करना, स्वास्थ्य अनुसंधान एवं नवाचार के प्रति जागरुकता बढ़ाना तथा जैव-चिकित्सा विज्ञान और जन-स्वास्थ्य की भूमिका से परिचित कराना है।

मुख्य झलकियां
-निदेशक डॉ.पंकज भारद्वाज ने विद्यार्थियों को जन-स्वास्थ्य अनुसंधान,रोग-निवारण एवं साक्ष्य-आधारित निर्णयों में ICMR की भूमिका बताई।

-DG डॉ.राजीव बहल का संदेश और कोवैक्सिन विकास यात्रा पर ऑडियो- विजुअल प्रस्तुति दिखाई गई।

-केंद्रीय प्रयोगशाला भ्रमण में छात्रों को सूक्ष्म जीव विज्ञान,आणविक जीवविज्ञान,जैव-प्रौद्योगिकी, पर्यावरणीय स्वास्थ्य निगरानी की प्रक्रियाएं दिखाई गईं।

-SDS-PAGE,एयरोसोल मॉनिटर,ICP-MS,पीएच प्रयोग, रक्त प्रसंस्करण, DNA पृथक्करण जैसी तकनीकों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन हुआ।

छात्रों ने प्रयोगों में भाग लेकर पाठ्यपुस्तक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ा। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों योगेंद्र सिंह, प्रभाकर भारती,एमी थॉमस तथा ICMR- NIHR वैज्ञानिक एवं तकनीकी दल का आभार व्यक्त किया।

विद्यार्थियों को मिला वैज्ञानिक अनुसंधान का व्यावहारिक ज्ञान
आईसीएमआर एनआई एचआर,जोधपुर द्वारा आयोजित साइंस एंड हेल्थ इनोवेशन फॉर द नेक्स्टजेन एक्सप्लोरर- SHINE कार्यक्रम में सेंट ऐनीज स्कूल एवं दिल्ली पब्लिक स्कूल(DPS) जोधपुर के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्रों को जन- स्वास्थ्य अनुसंधान, आधुनिक प्रयोग शाला तकनीकों तथा वैज्ञानिक उपकरणों को नजदीक से समझने का अवसर मिला।

छात्रों ने साझा किए अनुभव
सेंट ऐनीज स्कूल की छात्रा शीतल चौधरी ने भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक बताया। उन्होंने कहा कि हमें कक्षा में सैद्धांतिक रूप से पढ़ाए गए अनेक विषयों को प्रयोगशाला में व्यावहारिक रूप से देखने का अवसर मिला। वेस्टर्न ब्लॉटिंग सिस्टम,जेल इलेक्ट्रोफोरेसिस, प्रयोग शाला उपकरणों तथा अन्य वैज्ञानिक प्रक्रियाओं को देखकर यह भ्रमण बहुत जानकारी पूर्ण और यादगार बन गया।

इसी विद्यालय के छात्र प्रतीक जैन ने वैज्ञानिकों की संवादात्मक कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वैज्ञानिकों ने केवल प्रक्रियाओं का प्रदर्शन ही नहीं किया, बल्कि हमें स्वयं भी कुछ गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इससे हमारी झिझक दूर हुई और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को प्रश्न पूछने की पूरी स्वतंत्रता मिली और वैज्ञानिक दल ने उनकी समझ के स्तर के अनुसार सभी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

DPS जोधपुर के छात्रों ने बताया महत्व
DPS,जोधपुर के कक्षा 12 विज्ञान वर्ग के छात्र हर्ष शर्मा ने कहा कि इस भ्रमण से मुझे गणित, जीव विज्ञान और वैज्ञानिक अनुसंधान के बीच संबंध को समझने का अवसर मिला। जन- स्वास्थ्य और जैव- चिकित्सा अनुसंधान में विभिन्न वैज्ञानिक विषय मिलकर कैसे कार्य करते हैं,यह प्रत्यक्ष देखने को मिला।

अक्षय खंडेलवाल,कक्षा 12 ने कहा कि नीट की तैयारी कर रहे और माइक्रोबायोलॉजी में रुचि रखने वाले विद्यार्थी के रूप में यह मेरे लिए उत्कृष्ट सीखने का अवसर था। जीवविज्ञान,जैव- रसायन और सूक्ष्म जीव विज्ञान प्रयोगशालाओं को देखकर जैव- चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अनुसंधान के प्रति मेरी रुचि और बढ़ी है।

निदेशक एवं टीम का आभार
विद्यार्थियों ने ICMR- NIHR, जोधपुर के निदेशक डॉ.पंकज भारद्वाज, वैज्ञानिकों तथा तकनीकी टीम का आभार व्यक्त किया।छात्रों ने कहा कि SHINE कार्यक्रम ने उन्हें प्रयोगशाला विज्ञान, जन-स्वास्थ्य,जैव-चिकित्सा अनुसंधान तथा विज्ञान एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में उपलब्ध भावी करियर अवसरों को समझने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान किया।