अणुव्रत सुपरफास्ट में एक करोड़ की चोरी का पर्दाफाश चार गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज से हरियाणा तक पहुंची आरपीएफ-जीआरपी

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),अणुव्रत सुपरफास्ट में एक करोड़ की चोरी का पर्दाफाश चार गिरफ्तार। दक्षिण के मदुरै से चलकर बीकानेर आने वाली अणुव्रत एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में यात्रियों के सामान से एक करोड़ रुपए से अधिक कीमत के जेवर और नकदी चोरी के मामले में आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई ने गैंग का पर्दाफाश कर दिया।

सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग, यात्री रिकॉर्ड,टोल और फास्टैग डेटा तथा तकनीकी इनपुट को जोड़ते हुए जांच को हरियाणा तक पहुंचाया और गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से करीब सात सौ ग्राम सोने के आभूषण, 500 ग्राम चांदी,5 लाख रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा बोलेरो बरामद की गई है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) नीतीश शर्मा ने बताया कि ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत मामले को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ- जीआरपी की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने यात्री आरक्षण चार्ट, टीटीई और सहयात्रियों के बयान जुटाए।

दो कारों में भिड़ंत सात लोग घायल

इसके बाद रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज, टोल रिकॉर्ड और फास्टैग डेटा का मिलान कर संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाया गया। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान मकराना रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में चार संदिग्ध ट्रेन में सवार होते नजर आए। इसी दौरान स्टेशन के बाहर मिली काली महिंद्रा बोलेरो की जानकारी भी जांच में शामिल की गई।

वाहन के रिकॉर्ड और तकनीकी इनपुट के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों को ट्रेस किया गया। सुरागों की कड़ी आगे बढ़ाते हुए जांच टीम हरियाणा पहुंची और अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चारों आरोपियों हांसी निवासी वीरेंद्र कुमार उर्फ पिल्ला और सुरेंद्र कुमार, जींद निवासी सुनील कुमार तथा कैथल निवासी रणवीर को गिरफ्तार कर लिया। इन आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने श्रीबालाजी स्टेशन के पास यात्रियों का सामान रखने में मदद करने के बहाने उनसे संपर्क किया। इसी दौरान यात्रियों और उनके सामान पर नजर रखी गई। बाद में चिलो स्टेशन के दौरान सूटकेस का लॉक खोलकर जेवर और नकदी चोरी कर ली गई।