Doordrishti News Logo

भावी ग्राम पंचायत में पुनर्मतदान 15 को

  • 16 को उपसरपंच का चुनाव
  • आज रवाना होंगे मतदान दल

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),भावी ग्राम पंचायत में पुनर्मतदान 15 को। जिले की ग्राम पंचायत भावी में 15 नवंबर को होने वाले पुनर्मतदान के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इस दिन सरपंच और पंच पदों के लिए पुनर्मतदान कराया जाएगा। 16 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा।

दरअसल भावी ग्राम पंचायत में 30 अक्टूबर को सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान के दौरान विवाद हो गया था। मतदान केंद्र संख्या 12 से 150 मतपत्र गायब होने की घटना सामने आई थी। बाद में इन मतपत्रों को वापस डालने का प्रयास किया गया।

इन मतपत्रों पर सोहनी देवी के नाम के आगे मोहर लगी हुई थी। इसके बाद मतदान केंद्र संख्या 9 से 15 तक भीड़ एकत्रित होने और कानून-व्यवस्था बिगडऩे के कारण मतदान स्थगित करना पड़ा।जिला निर्वाचन अधिकारी की तथ्यात्मक रिपोर्ट के आधार पर निर्वाचन आयोग ने भावी ग्राम पंचायत के सभी मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने का निर्णय किया।

सरपंच चुनाव की रंजिश में मारपीट व तोड़फोड़ के दो आरोपी गिरफ्तार

यानी पुनर्मतदान केवल उस बूथ तक सीमित नहीं रहेगा,जहां से मतपत्र गायब हुए थे,बल्कि पूरी ग्राम पंचायत में सरपंच और पंच पदों के लिए दोबारा वोट डाले जाएंगे। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार,14 नवंबर को मतदान दलों को संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। पुनर्मतदान में वही मतदाता वोट डाल सकेंगे,जो पहले संबंधित मतदान केंद्रों के लिए अधिकृत थे।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि मूल मतदान के दौरान लगाई गई अमिट स्याही के निशान को पुनर्मतदान में बाधा नहीं माना जाएगा। इसके लिए मतदाताओं के बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली पर नाखून के प्रारंभ से अंगुली के प्रथम भाग तक अमिट स्याही लगाई जाएगी।

यहां पर होगा पुनर्मतदान
राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान,जयपुर के निर्देशानुसार जोधपुर जिले की पंचायत समिति बिलाड़ा की ग्राम पंचायत भावी के मतदान केंद्र संख्या 9,10,11,12,13, 14 एवं 15 पर पंच एवं सरपंच पद के लिए 15 नवम्बर को सुबह 7 बजे से सायं 6 बजे तक पुनर्मतदान करवाया जाएगा। इसके साथ ही, उपसरपंच पद का निर्वाचन 16 नवम्बर को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संपादित होगा।

उपसरपंच चुनाव के तहत 16 नवंबर को सुबह 9 बजे से पूर्व बैठक का नोटिस जारी किया जाएगा,पूर्वांह 10 बजे बैठक प्रारम्भ होगी, 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे तथा 11.30 बजे तक इनकी संवीक्षा की जाएगी। इसके बाद पूर्वांह 11.30 बजे से अपराह्न 12 बजे तक चुनाव लडऩे वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा, आवश्यकता पडऩे पर दोपहर 12 बजे से 1 बजे के मध्य मतदान कराया जाएगा और मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।