विश्व मधुमेह दिवस पर एमडीएमएच में जागरूकता एवं जांच शिविर आयोजित

एंडोक्राइनोलॉजी विभाग में हुआ आयोजन

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),विश्व मधुमेह दिवस पर एमडीएमएच में जागरूकता एवं जांच शिविर आयोजित। विश्व मधुमेह दिवस (14 नवंबर) के उपलक्ष्य में डॉ. सम्पूर्णानन्द मेडिकल कॉलेज एवं मथुरादास माथुर चिकित्सालय, जोधपुर के एंडोक्राइनोलॉजी एवं डायबिटीज विभाग द्वारा शुक्रवार को एंडोक्राइनोलॉजी ओपीडी में निःशुल्क मधुमेह जागरूकता एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर मरीजों एवं उनके परिजनों को मधुमेह रोग के विभिन्न पहलुओं,इसकी रोकथाम, उचित प्रबंधन तथा मधुमेह से होने वाली जटिलताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

जागरूकता सत्र में एंडोक्राइनोलॉजी विभाग के डॉ.दिनेश पाल सिंह ने मधुमेह रोग की मूलभूत जानकारी,इसके लक्षण, कारण एवं बचाव के उपायों के बारे में बताया। सहायक आचार्य डॉ. रोनक गांधी ने मधुमेह से होने वाली विभिन्न जटिलताओं,जैसे हृदय रोग,किडनी रोग,आंखों एवं नसों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों तथा समय पर उनकी पहचान और रोकथाम के महत्व पर प्रकाश डाला।

डॉ.हिमांशी सोनी ने मधुमेह रोगियों के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार,खानपान में आवश्यक सावधानियों तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी दी। वहीं डॉ. पुनीत शिवनानी ने नियमित शारीरिक गतिविधि,व्यायाम एवं योग के माध्यम से मधुमेह नियंत्रण के महत्व को समझाया।

देशभर में भाई दूज बुधवार को मनाया जाएगा

इसके अतिरिक्त गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी के विभागाध्यक्ष डॉ.सुनील दाधीच ने मधुमेह के साथ जुड़ी फैटी लिवर की बीमारी एवं डायबिटिक गैस्ट्रोपेरेसिस (मधुमेह के कारण पेट की गति धीमी होना) जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं के बारे में जानकारी देते हुए इनके लक्षणों,पहचान एवं प्रबंधन पर चर्चा की।

शिविर के दौरान मरीजों की एंडोक्राइनोलॉजी ओपीडी के नर्सिंग स्टाफ नीलिमा,किशन एवं सोनिया द्वारा ब्लड शुगर जांच की गई तथा उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा चिकित्सकीय परामर्श एवं आहार संबंधी सलाह प्रदान की गई।

इस अवसर पर एमडीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ.विकास राजपुरोहित ने विभाग द्वारा आयोजित इस जनजागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए चिकित्सकों का उत्साहवर्धन किया। डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. बीएस. जोधा ने भी इस जनहितकारी पहल के लिए विभाग को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन में मधुमेह के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समय पर रोग की पहचान को प्रोत्साहित करना तथा मधुमेह से होने वाली दीर्घकालिक जटिलताओं की रोकथाम के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देना था।

एंडोक्राइनोलॉजी विभाग ने आमजन से अपील की कि वे नियमित रूप से अपनी ब्लड शुगर की जांच करवाएं,संतुलित आहार लें, शारीरिक रूप से सक्रिय रहें तथा मधुमेह होने की स्थिति में नियमित चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार जारी रखें।