रेलवे ने बेटिकट यात्रियों से 10 करोड़ रुपए से ज्यादा वसूले

  • टिकट चेकिंग से एक वर्ष में अब तक की सर्वाधिक आय
  • एक माह में 1.15 करोड़ रुपए की वसूली का नया कीर्तिमान

जोधपुर,रेलवे ने बेटिकट यात्रियों से 10 करोड़ रुपए से ज्यादा वसूले।उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने टिकट चेकिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए बीते वित्त वर्ष में 10 करोड़ रुपए से भी अधिक राजस्व वसूल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

बेटिकट यात्रियों से वसूला गया यह राजस्व निर्धारित लक्ष्य से साढ़े सात प्रतिशत ज्यादा है।

इसे भी पढ़िए- बैंक आफ इंडिया एम्प्लाइज यूनियन की आंचलिक बैठक रविवार को

जोधपुर मंडल के डीआरएम पंकज कुमार सिंह ने बताया कि बिना टिकट यात्रा को हतोत्साहित करने के उद्धेश्य से चलाए जा रहे सघन टिकट जांच अभियान के तहत वित्तीय वर्ष 2023- 24 के दौरान जोधपुर मंडल पर बिना टिकट और अनियमित यात्रा के 2 लाख 34 हजार 754 मामलों से 10 करोड़ 60 लाख 39 हजार 650 रुपए की वसूली की गई जो अब तक का सर्वाधिक है।

इसे भी पढ़ें- चलती बाइक पर गिरी नीम की डाली, चालक की मौत

उन्होंने बताया कि मंडल को गत वित्त वर्ष में 2 लाख 18 हजार 692 मामलों से 9 करोड़ 80 लाख रुपए का लक्ष्य मिला था। मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 80 लाख 39 हजार 650 रुपए अधिक राजस्व की वसूली की जो सराहनीय है।

एक माह में 1.15 करोड़ वसूली का नया रिकॉर्ड
मंडल के सीनियर डीसीएम विकास खेड़ा ने बताया कि जोधपुर मंडल पर मार्च में सघन टिकट जांच अभियान से मंडल को 1 करोड़ 15 लाख 69 हजार 824 रुपए का राजस्व अर्जित हुआ जो एक माह में सर्वाधिक वसूली का नया कीर्तिमान है। इससे पहले गत वित्त वर्ष में एक माह में 1 करोड़ 8 लाख रुपए की वसूली की गई थी।इस उपलब्धि के लिए उन्होंने टिकट चेकिंग स्टाफ को बधाई दी।

पकड़े इतने मामले
जोधपुर मंडल पर सघन टिकट जांच अभियान के दौरान अकेले मार्च में बिना व अनियमित यात्रा के 25 हजार 258 मामलों से 1 करोड़ 13 लाख 30 हजार 544 रुपए का राजस्व अर्जित किया गया।

1792 यात्री गंदगी फैलाते पकड़े
ट्रेनों व प्लेटफॉर्म पर गंदगी फैलाते पाए गए 1792 यात्रियों से रेलवे ने दो लाख 3 हजार 450,धूम्रपान करते पाए जाने वाले 129 यात्रियों से 24 हजार तथा निर्धारित छूट से ज्यादा वजन का सामान लेकर यात्रा करने वाले 72 यात्रियों से 11 हजार 830 रुपए की वसूली भी की गई।

इनका कहना है
‘बिना टिकट यात्रा करना एक सामाजिक बुराई व अपराध है। यात्रियों को उचित टिकट के साथ यात्रा करनी चाहिए जिससे सह यात्रियों को कठिनाई न हो।’

पंकज कुमार सिंह
डीआरएम,जोधपुर

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन यहां से इंस्टॉल कीजिए https://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews