प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देशभर के युवाओं से वर्चुअल संबोधन
खेलो इंडिया संवाद
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देशभर के युवाओं से वर्चुअल संबोधन। राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट),जोधपुर में गुरुवार को माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय,भारत सरकार द्वारा ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के खिलाड़ियों और युवाओं को संबोधित किया। प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण कार्यक्रम स्थल पर किया गया, जिसे विद्यार्थियों, खिलाड़ियों एवं युवाओं ने देखा और सुना। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अध्यक्षता निफ्ट जोधपुर के निदेशक डॉ.जीएच एस प्रसाद ने की।
खिलाड़ियों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में खेल जगत से जुड़े प्रशिक्षकों एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने सहभागिता की। राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी कैफ खान (बॉक्सिंग) एवं योग्या सिंह (तैराकी) ने युवाओं से संवाद करते हुए खेलों से जुड़ने की प्रेरणा,चुनौतियों और संघर्षशील दिनों के अनुभव साझा किए।
अवैध बजरी से भरे दो डंपर जब्त,चालक गिरफ्तार
उन्होंने खेल के माध्यम से जीवन में अनुशासन लाकर स्वयं को मजबूत रखने तथा देश के लिए पदक जीतकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
युवाओं ने अपने विचार साझा किए तथा अपने विचारों को माय भारत पोर्टल के माध्यम से मंत्रालय तक भी भेजा।
केंद्रीय मंत्री का आह्वान
कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने युवाओं को खेलों से जुड़ने,विकसित भारत के ध्वजवाहक बनने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी खेल में एक खिलाड़ी को जीत से ज्यादा हार उसे मजबूत बनाती है। उसी प्रकार जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर सच्ची निष्ठा के साथ उसे प्राप्त करने के लिए मेहनत करनी चाहिए।
इस अवसर पर उपस्थित दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में निफ्ट के संयुक्त निदेशक जन्मय सिंह हाड़ा,केंद्र शैक्षणिक समन्वयक डॉ.अदिति मेड़तिया,माय भारत जोधपुर उपनिदेशक भूपेन्द्र सिंह शेखावत,यूथ आइकॉन मनीष सोमनानी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।अंत में सभी ने नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शपथ ली।
संचालन डॉ.शीतल सोनी तथा संवाद मॉडरेटर दर्शना राजपुरोहित ने किया।
