एएनटीएफ ने पकड़ी 67 लाख की 2.231 किलो एमडी ड्रग्स आरोपी गिरफ्तार

शौक पूरे करने के लिए बना तस्कर

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),एएनटीएफ ने पकड़ी 67 लाख की 2.231 किलो एमडी ड्रग्स आरोपी गिरफ्तार। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने जोधपुर जिले के कापरड़ा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 67 लाख रुपए मूल्य की 2 किलो 231 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स जब्त की है। पुलिस ने मौके से स्विफ्ट कार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने बताया कि एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि जयपुर- जोधपुर हाईवे पर बिनावास टोल की तरफ एक संदिग्ध स्विफ्ट कार आ रही है। एएनटीएफ की दो टीमों ने टोल पर घेराबंदी कर कार को रुकवाया। स्थानीय पुलिस की मदद से तलाशी लेने पर कार से 2.231 किलो एमडी बरामद हुई।

जोधपुर जिले में नामांकन प्रक्रिया शुरू,प्रथम दिन 5 नामांकन दाखिल

आरोपी धतरवालो की ढाणी भीमसागर लोहावट निवासी रामलाल धतरवाल पुत्र बाबूलाल को पकड़ा। आरोपी से पूछताछ के आधार पर एमपी और राजस्थान के अन्य तस्करों व केमिकल सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।

आईजी विकास कुमार ने बताया आरोपी रामपाल बीएससी और जीएनएम पास है। उसने अस्पताल और होम केयर में काम किया, लेकिन कम कमाई होने पर महंगे शौक पूरे करने के लिए नशे के कारोबार में उतर गया।

छह साल जेल में रहा आरोपी अप्रैल 2018 में कोटा के आरके पुरम थाने में डोडा पोस्त तस्करी में पकड़ा गया था। दिसंबर 2024 में 6 साल 8 माह बाद जमानत पर बाहर आया और फिर रिश्तेदार के साथ तस्करी शुरू कर दी। साल 2025 में उसका एक रिश्तेदार भी टैंकर में डोडा पोस्त सप्लाई करते एमपी में पकड़ा गया था। जिसमें आरोपी का नाम सामने आया था। इसमें आरोपी फरार चल रहा था।

जब पैसों की तंगी आई तो उसने डोडा छोडक़र एमडी की तस्करी का काम शुरू कर दिया। इसके बाद रामपाल जोधपुर से एमडी बनाने का केमिकल खरीदकर एमपी के तस्करों को देता था और बदले में तैयार एमडी लेकर मारवाड़ में सप्लाई करता था।