जोधपुर के विकास में नहीं रहेगी कोई कमी: महापौर
नवनिर्वाचित महापौर प्रसन्नचंद मेहता ने भूतनाथ मंदिर में किए दर्शन
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोधपुर के विकास में नहीं रहेगी कोई कमी: महापौर। नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर प्रसन्नचंद मेहता ने आज भूतनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान भूतनाथ के दर्शन-पूजन किए और प्रदेश की खुशहाली एवं जोधपुर के विकास की कामना की। विशेष पूजा-अर्चना के बाद भूतनाथ मित्र मंडली की ओर से महापौर मेहता का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र बोहरा एवं नवनिर्वाचित पार्षद संजय दईया सहित भूतनाथ मित्र मंडली के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद थे। महापौर प्रसन्नचंद मेहता ने कहा कि जोधपुर के विकास में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी। शहर में विकास कार्य योजनाबद्ध एवं व्यवस्थित तरीके से किए जाएंगे,ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहर के विकास के साथ नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना होगी।
मेहता ने कहा कि जोधपुर के समग्र विकास के लिए विकास कार्यों में व्यवस्था, जनसुविधा और आमजन की अपेक्षाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने प्रदेश की सुख- समृद्धि एवं जोधपुर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ठोस यांत्रिकी पुस्तक का विमोचन
भूतनाथ महादेव मंदिर परिसर में डिप्लोमा तृतीय सेमेस्टर (सिविल) के विद्यार्थियों के लिए तैयार की गई पुस्तक ‘ठोस यांत्रिकी’ का विमोचन नगर निगम जोधपुर के नवनिर्वाचित महापौर प्रसन्नचंद मेहता ने किया। पुस्तक का प्रकाशन ऋषभ प्रकाशन,जयपुर द्वारा किया गया है।
इस अवसर पर महापौर प्रसन्नचंद मेहता ने पुस्तक के प्रकाशन पर लेखकों को बधाई देते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा से जुड़ी ऐसी पुस्तकों से विद्यार्थियों को जटिल विषयों को सरलता से समझने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने पुस्तक के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होने की कामना की। पुस्तक को सुरेश राठी, रजिस्ट्रार, प्राविधिक शिक्षा मंडल राजस्थान,आरपी व्यास, पूर्व एकेडमिक,अरावली इंजीनियरिंग कॉलेज, उदयपुर तथा डॉ. अमित पुरोहित ने तैयार किया है।
