मथानियां: बुजुर्ग महिला का गला दबाकर जेवर लूटे
घर में घुसकर वारदात -कानों की टोटियां और पैरों के कड़ले ले गए बदमाश
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),मथानियां: बुजुर्ग महिला का गला दबाकर जेवर लूटे। शहर के निकट मथानिया स्थित बालरवा गांव में 89 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट कर आभूषण लूटने का मामला सामने आया है।
पीडि़ता के बेटे राजेन्द्र प्रसाद राव की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि 12 सितंबर को दोपहर करीब 3.10 बजे अज्ञात दो व्यक्ति घर में घुसे। उस समय बुजुर्ग महिला पुश्तैनी मकान में सो रही थी। बदमाशों ने महिला के साथ मारपीट की और गला दबाया। इसके बाद उसके कानों की टोटियां तथा पैरों के कड़ले निकालकर ले गए।
परिजनों के अनुसार महिला की आंखों की रोशनी कम है और सुनने में भी परेशानी है। घटना के बाद उसके गले पर सूजन और चोट के निशान दिखाई दिए। परिजनों ने पुलिस से मामले में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों का पता लगाने और लूटे गए आभूषण बरामद करने की मांग की है। पुलिस अब घटनास्थल, संभावित साक्ष्यों और संदिग्धों की जानकारी जुटाकर जांच कर रही है
