जोधपुर मंडल में ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह शुरू

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोधपुर मंडल में ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह शुरू। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में रविवार को ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह 2026 का शुभारंभ किया गया। यह सप्ताह 1 से 7 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसके तहत मिशन लाइफ के अंतर्गत स्वस्थ एवं पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

माल ढुलाई में उत्तर पश्चिम रेलवे की रिकॉर्डतोड़ छलांग

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में इस अभियान के तहत जोधपुर मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों,ट्रेनों,रेलवे कॉलोनियों एवं कार्यालयों में रेलकर्मियों तथा यात्रियों को स्वच्छ एवं पौष्टिक आहार अपनाने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने,आसपास सफाई रखने तथा रेलवे स्टेशनों, रेलगाडिय़ों एवं रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान डिजिटल डिस्प्ले एवं सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से मिशन लाइफ से संबंधित जागरूकता संदेश प्रसारित किए गए। रेलवे स्टेशनों पर स्टेशन अधीक्षकों एवं मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षकों द्वारा पर्यावरण मित्रों के सहयोग से पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई गई।

इसमें रेलवे कर्मचारियों के साथ यात्रियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वस्थ शरीर एवं स्वच्छ पर्यावरण के महत्व को रेखांकित करते हुए विभिन्न स्टेशनों पर योगाभ्यास कार्यक्रम भी किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से रेलकर्मियों को मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

जोधपुर मंडल के जोधपुर,जैसलमेर, बाड़मेर,नागौर,मेड़ता रोड,भगत की कोठी, डेगाना एवं सुजानगढ़ सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह सप्ताहव्यापी अभियान 7 नवंबर तक निरंतर जारी रहेगा। इस दौरान प्रतिदिन अलग-अलग विषयों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

रेलवे स्टेशनों के साथ- साथ रेलवे कॉलोनियों, कार्यालयों एवं ट्रेनों में भी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मिशन लाइफ के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।