नीट परीक्षा निष्पक्ष संचालन के लिए पुख्ता इंतजाम के निर्देश
योग दिवस पर जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),नीट परीक्षा निष्पक्ष संचालन के लिए पुख्ता इंतजाम के निर्देश। जिला प्रभारी सचिव भवानी सिंह देथा* ने गुरुवार को अटल सेवा केंद्र के सभागार में समीक्षा बैठक में 21 जून को होने वाली नीट यूजी-2026 परीक्षा एवं 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को दिशा- निर्देश दिए।
इसे भी पढ़ें – दस हजार का फरार इनामी तस्कर गिरफ्तार
बैठक में बताया गया कि नीट यूजी-2026 परीक्षा जिले के 46 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें 15 हजार 407 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रभारी सचिव ने परीक्षा के निष्पक्ष,पारदर्शी एवं कदाचार मुक्त संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रश्न पत्रों व गोपनीय सामग्री के सुरक्षित भंडारण व परिवहन,बायोमेट्रिक सत्यापन,दोहरे स्तर की फ्रिस्किंग,सुरक्षा व्यवस्था तथा सतत निगरानी पर विशेष जोर दिया। जिला कलक्टर आलोक रंजन को जिला स्तरीय समन्वय समिति के माध्यम से नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।
परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर उनके प्रशिक्षण,कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा नकल व संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए।
परीक्षा केंद्रो के 300 मीटर परिधि में ई-मित्र,फोटो कॉपी एवं साइबर कैफे पर नियंत्रण सुनिश्चित करने को कहा।
प्रभारी सचिव ने 21 जून को सम्राट अशोक उद्यान में होने वाले जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की। योग संगम पोर्टल पर अधिकाधिक पंजीकरण करवाकर जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।
सभी उपखण्ड अधिकारियों को उपखण्ड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर योग दिवस कार्यक्रमों का प्रभावी आयोजन, जनप्रतिनिधियों व आमजन की सहभागिता बढ़ाने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थलों पर माइक,योगा मैट,पेयजल, चिकित्सा सुविधा सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध कराने को कहा।
प्रभारी सचिव ने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से आमजन को दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने सभी विभागों से समन्वित प्रयास कर दोनों आयोजनों को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में जिला कलक्टर आलोक रंजन,जेडीए आयुक्त उत्साह चौधरी, सीईओ जिला परिषद आशीष कुमार मिश्रा,नगर निगम आयुक्त राहुल जैन, एडीएम (प्रथम) जवाहर चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
