Doordrishti News Logo

टेक्सटाइल और पैकेजिंग से जुड़े कारोबारियों पर आयकर सर्वे

व्यापारियों में मचा हडक़ंप

जोधपुर,टेक्सटाइल और पैकेजिंग से जुड़े कारोबारियों पर आयकर सर्वे।प्रदेश में आज सुबह आयकर विभाग की कार्यवाही से व्यापारियों में हडक़ंप मच गया। इनकम टैक्स की अलग- अलग टीमों ने जोधपुर,पाली और ब्यावर में व्यापारिक प्रतिष्ठानों और घरों पर छापा मारा। सभी उद्योगपति टेक्सटाइल और पैकेजिंग से जुड़े हुए हैं। जोधपुर में शास्त्रीनगर इलाके में एक व्यापारी के निवास और बोरानाडा इंडस्ट्रीज एरिया में छापेमारी की कार्यवाही की। पाली जिला मुख्यालय पर टेक्सटाइल उद्योगपतियों के यहां आयकर विभाग की रेड जारी है। ब्यावर में भी आयकर विभाग की कार्यवाही चल रही है। इस कार्रवाई में जयपुर,जोधपुर सहित राज्य के अलग-अलग जिलों की टीमों के अलावा गुजरात इनकम टैक्स के भी अधिकारियों को शामिल किया गया है।

यह भी पढ़ें – स्थाई लोक अदालतों में कर्मचारियों की भर्ती को लेकर अवगत कराएं

आयकर विभाग के अनुसार आज सुबह इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की ओर से कई व्यापारियों के घरों व संस्थान पर एक साथ छापा मारा गया। आईटी की एक टीम मंगलवार तडक़े जोधपुर पहुंची। टीम ने शास्त्री नगर स्थित एक कारोबारी के घर पर रेड दी है। इनके प्रदेशभर में पैकेजिंग का कार्य है। अभी टीम की ओर से व्यापारी के घर पर कार्यवाही की जा रही है। इस कार्यवाही के बाद क्षेत्र में अन्य व्यापारियों में भी हडक़ंप मचा हुआ है। दूसरी तरफ आयकर विभाग की अन्य टीम पाली में पहुंची। यहां एक बड़े उद्योगपति के घर और फैक्ट्रियों पर इनकम टैक्स के अधिकारी छापेमारी कर रहे हैं। अभी तक चार फैक्ट्री और तीन मकान पर विभाग की कार्यवाही चल रही है। इसी तरह ब्यावर जिले के रायपुर उपखंड के पिपलिया कला में दो औद्योगिक इकाई पर भी इनकम टैक्स ने छापा मारा है। पूरी औद्योगिक इकाई में इस वक्त सर्च ऑपरेशन किया जा रहा है।
आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार इस कार्यवाही को अंजाम देने के लिए राज्य के प्रमुख आयकर विभाग के अधिकारी और कर्मचारी सोमवार रात को ही जोधपुर जिले में ग्रामीण क्षेत्र के एक हेरिटेज फोर्ट पर एकत्र हो गए थे। यहां से सुबह चार बजे टीमों को अलग -अलग जगह के लिए रवाना किया गया। फिलहाल आयकर विभाग ने किसी तरह की अधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।

दूरदृष्टि न्यूज़ की एप्लीकेशन यहाँ से इनस्टॉल कीजिए – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews