चोरी की गाड़ी ढूंढऩे आए युवकों पर फायरिंग 4 घायल

पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),चोरी की गाड़ी ढूंढऩे आए युवकों पर फायरिंग 4 घायल। जोधपुर में हनुमानगढ़ से चोरी की गाड़ी ढूंढऩे आए युवकों की गाड़ी पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस दौरान स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने युवकों की स्कॉर्पियो गाड़ी को टक्कर मार दी,जो अनियंत्रित होकर खेत में घुस गई।

मामला डांगियावास थाना क्षेत्र का बुधवार दोपहर का है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने मामले में एक आरोपी को डिटेन कर लिया है। वहीं हादसे में घायल 4 लोगों को हॉस्पिटल ले जाया गया है। फायरिंग के दौरान एक गोली हनुमानगढ़ से आए युवकों की गाड़ी के बोनट पर लगी है।

पुलिस मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों ने बताया कि बदमाशों ने दो-तीन हवाई फायर भी किए थे।
जानकारी के अनुसार हनुमानगढ़ के रावतसर से 6 युवक स्कॉर्पियो में सवार होकर सालवा कला पहुंचे थे। उनका दावा था कि उनकी सफेद रंग की स्कॉर्पियो चोरी हो गई थी। उसमें लगे जीपीएस के जरिए वे गाड़ी का पीछा करते हुए यहां पहुंचे थे।

इसी दौरान चोरी की बताई जा रही स्कॉर्पियो सवार दो बदमाशों ने उनका पीछा शुरू कर दिया और उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो पलटी खाते हुए खेत में जा घुसी।

डांगियावास थानाधिकारी राजूराम ने बताया कि दोपहर 1.10 बजे सूचना मिली थी। जानकारी मिली कि दूसरी स्कॉर्पियो में सवार सालवा कला निवासी मनीष जाट और सुनील जाट ने फायरिंग भी की। एक गोली हनुमानगढ़ से आई स्कॉर्पियो के बोनट पर लगी। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि आरोपियों ने हवाई फायरिंग भी की थी।

हादसे में हनुमानगढ़ से आए युवक सुरेंद्र कुमार,सुधीर कुमार और भानु खान घायल हुए। वहीं गाड़ी की टक्कर से स्थानीय भेड़ पालक बाबूलाल जाट भी घायल हो गया। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मनीष जाट को डिटेन कर लिया। वहीं दूसरे आरोपी सुनील जाट की तलाश जारी है।