महाप्रबंधक ने किया बालोतरा स्टेशन का निरीक्षण
- 19.88 करोड़ से संवर रहा स्टेशन
- अधिकारी विश्राम गृह का उद्घाटन
बालोतरा(दूरदृष्टीन्यूज),महाप्रबंधक ने किया बालोतरा स्टेशन का निरीक्षण। उत्तर पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक अमिताभ ने गुरुवार को बालोतरा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी समेत मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 19.88 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित हो रहे बालोतरा स्टेशन पर महाप्रबंधक ने यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने नवनिर्मित अधिकारी विश्राम गृह का उद्घाटन किया और रेलवे आवासीय कॉलोनी के पुनर्निर्माण व सौंदर्यीकरण कार्य पूरे होने पर उसका लोकार्पण किया।
महाप्रबंधक अमिताभ ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त रेलवे कॉलोनी से कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक आवास मिलेगा। कॉलोनी में हरित क्षेत्र,उद्यान,बच्चों के लिए पार्क और अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि बालोतरा स्टेशन का पुनर्विकास कार्य लगभग पूरा है। केवल पार्किंग क्षेत्र की मार्किंग का काम बाकी है। बाकी सभी निर्माण कार्य पूरे कर लिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वृक्षारोपण भी किया। रेल कर्मचारियों ने आवासीय सुविधाओं के उन्नयन पर संतोष जताया।
संघ लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष आज जोधपुर आएंगे
संवाद से समाधान पहल के तहत अभिरुचि केंद्र और बाल वाटिका का भी उद्घाटन किया गया। इस पहल का मकसद रेलवे कॉलोनियों में रहने वाले कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करना है।
कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान, सुरक्षा संगोष्ठी,स्वास्थ्य जांच शिविर,शिकायत निवारण शिविर,व्यावसायिक प्रशिक्षण, ओपन जिम उद्घाटन,कला व खेल प्रतियोगिताएं हुईं। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया और कॉलोनी कल्याण समिति का गठन किया गया। इस मौके पर उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन अध्यक्ष डॉ.अंजू और जोधपुर मंडल महिला कल्याण संगठन अध्यक्ष निष्ठा त्रिपाठी मौजूद थीं।
निरीक्षण में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी,वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता अमित स्वामी,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव,वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार,वरिष्ठ मंडल अभियंता विक्रम सहित कई अधिकारी उपस्थित थे। स्टेशन और कॉलोनियों के पुनर्विकास के लिए वार्षिक कार्ययोजना भी जारी की गई जिसके तहत चरणबद्ध कायाकल्प किया जाएगा।
