फायर फाइटर प्रीतेश को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई

  • बासनी केमिकल फैक्ट्री हादसे में करीब 90 प्रतिशत झुलसे थे प्रीतेश परमार
  • फायर सर्विस के फ्लैग के साथ दिया गार्ड ऑफ ऑनर

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),फायर फाइटर प्रीतेश को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई। शहर के बासनी क्षेत्र की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग पर काबू पाने के दौरान गंभीर रूप से झुलसे जांबाज फायर कर्मी प्रीतेश परमार का निधन हो गया। हादसे में करीब 90 प्रतिशत झुलसे प्रीतेश परमार का आज उनके पैतृक गांव बिच्छीवाड़ा,डूंगरपुर के समीप संपूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

फायर सर्विस के फ्लैग के साथ गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई
दिवंगत फायर कर्मी प्रीतेश परमार को फायर सर्विस के फ्लैग के साथ ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देकर अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति और शोक में डूब गया। राजस्थान फायर सर्विस के अधिकारियों और जवानों ने नम आंखों से अपने साथी को अंतिम विदाई दी। गार्ड ऑफ ऑनर के दौरान मौजूद अधिकारियों और जवानों ने प्रीतेश परमार के अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

अधिकारियों और जवानों ने दी श्रद्धांजलि 
अंतिम विदाई कार्यक्रम में राजस्थान फायर सर्विस के 15 से अधिक वरिष्ठ अधिकारी और जवान मौजूद थे।मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ),नगर निगम जोधपुर जलज गसिया सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों से पहुंचे अग्निशमन अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत फायर कर्मी को श्रद्धांजलि अर्पित की। अधिकारियों और जवानों ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

सीसीटीवी से टैक्सी का रूट ट्रेस कर दो लोगों के बैग लौटाए

साहस और कर्तव्यनिष्ठा को हमेशा किया जाएगा याद 
मुख्य अग्निशमन अधिकारी जलज घसिया ने बताया कि प्रीतेश परमार ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। आग बुझाने के दौरान गंभीर रूप से झुलसने के बावजूद उनका बलिदान राजस्थान फायर सर्विस के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा। प्रीतेश परमार के अंतिम संस्कार के दौरान फायर सर्विस के फ्लैग के साथ दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर उनके कर्तव्य और बलिदान के प्रति सम्मान का प्रतीक रहा। इस भावुक अवसर पर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थीं और पूरा वातावरण शोक एवं श्रद्धांजलि से भर गया।