सुरक्षित रेल संचालन पर जोर
- उत्तर पश्चिम रेलवे की संरक्षा समीक्षा बैठक
- जीएम अमिताभ ने कहा लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा करें
- गर्मी में ट्रैक व उपकरणों की निगरानी बढ़ाएं
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),सुरक्षित रेल संचालन पर जोर।उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में मंगलवार को महाप्रबंधक अमिताभ की अध्यक्षता में संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चारों मंडल रेल प्रबंधकों, विभागाध्यक्षों तथा वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक में भाग लिया।
बैठक में संरक्षा,कार्य निष्पादन, निर्माण परियोजनाओं की प्रगति,पूंजीगत व्यय,रेलवे ट्रैक की फेंसिंग,समपार फाटकों को बंद करने की योजना,यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा रेलवे आय में वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई।
महाप्रबंधक अमिताभ ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में उत्तर पश्चिम रेलवे का प्रदर्शन सराहनीय रहा है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय और सामंजस्य के साथ निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।साथ ही निर्माण कार्यों और यात्री सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
मंडोर पार्क हादसे पर बाल कल्याण समिति ने लिया संज्ञान
संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी स्तरों पर सतर्कता और सजगता आवश्यक है। गर्मी के मौसम को देखते हुए ट्रैक पेट्रोलिंग बढ़ाने, विद्युत एवं सिग्नल उपकरणों की विशेष निगरानी रखने तथा समयबद्ध रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
महाप्रबंधक ने विभागाध्यक्षों से नियमित निरीक्षण करने और कर्मचारियों की समय-समय पर काउंसलिंग कर संरक्षा जागरूकता अभियान चलाने को कहा। उन्होंने आश्वस्त किया कि मुख्यालय स्तर पर स्वीकृति से जुड़े कार्यों में पूरा सहयोग दिया जाएगा, ताकि यात्रियों को बेहतर और समयबद्ध सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी सहित सभी शाखाधिकारी भी शामिल हुए। अधिकारियों ने विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी साझा करते हुए सुरक्षित, संरक्षित एवं समयबद्ध रेल संचालन के लिए प्रतिबद्धता दोहराई।
