जोधपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा का डिजिटल पहरा
- चार सौ सीसीटीवी कैमरों से होगी 24 घंटे निगरानी
- एयर कोंकोर्स,एफओबी, प्लेटफॉर्म और यार्ड क्षेत्र तक रहेगा कैमरों का कवरेज
- अत्याधुनिक कंट्रोल रूम से आरपीएफ करेगी चौबीसों घंटे सघन निगरानी
- मेगा रिडेवलपमेंट परियोजना में सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोधपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा का डिजिटल पहरा।जोधपुर रेलवे स्टेशन अब सिर्फ यात्रियों की आवाजाही का केंद्र नहीं रहेगा, बल्कि आधुनिक तकनीक और अभेद्य सुरक्षा का नया प्रतीक बनने जा रहा है। 474 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे मेगा रिडेवलपमेंट के तहत स्टेशन को जहां विश्वस्तरीय सुविधाओं से संवारा जा रहा है,वहीं सुरक्षा व्यवस्था को भी डिजिटल और हाईटेक रूप दिया जा रहा है।
जोधपुर मंडल की 4 ट्रेनें रद्द, 2 आंशिक रद्द
स्टेशन परिसर से लेकर यार्ड तक हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए करीब चार सौ अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों का सुरक्षा जाल बिछाया जाएगा,जिसकी चौबीसों घंटे मॉनिटरिंग अत्याधुनिक कंट्रोल रूम से की जाएगी। इसके तहत स्टेशन और यार्ड क्षेत्रों में अत्याधुनिक हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे जिनके माध्यम से प्रत्येक गतिविधि पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखी जाएगी।
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि रिडेवलपमेंट परियोजना में सुरक्षा व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता दी गई है। कैमरों की प्रभावी निगरानी और नियंत्रण के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एक विस्तृत केंद्रीय सीसीटीवी मॉनिटरिंग कक्ष बनाया जाएगा। इस कंट्रोल रूम से पूरे स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्मों और यार्ड क्षेत्र की संयुक्त रूप से 24 घंटे निगरानी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सीसी टीवी कैमरे मुख्य स्टेशन भवन,द्वितीय प्रवेश द्वार, एयर कोंकोर्स,फुट ओवर ब्रिज,लिफ्ट,एस्केलेटर, मल्टीलेवल कार पार्किंग, बुकिंग ऑफिस, प्रतीक्षालय,पार्सल कार्यालय तथा सभी प्लेटफॉर्मों पर लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा यात्रियों की आवाजाही वाले प्रमुख मार्गों और रेलवे यार्ड क्षेत्रों को भी निगरानी के दायरे में शामिल किया जाएगा, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सुरक्षा संबंधी घटना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल द्वारा सीसीटीवी फुटेज की लगातार सघन मॉनिटरिंग की जाएगी। आधुनिक निगरानी प्रणाली के माध्यम से स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी और अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में भी यह प्रणाली महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सुरक्षा के मामले में देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल होगा जोधपुर
मेगा रिडेवलपमेंट परियोजना के तहत जोधपुर रेलवे स्टेशन को आधुनिक वास्तुकला और यात्री सुविधाओं के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। स्टेशन पर नए भवन,विशाल एयर कोंकोर्स, अत्याधुनिक प्रतीक्षालय,लिफ्ट एवं एस्केलेटर, मल्टीलेवल कार पार्किंग और बेहतर यात्री सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। मंडल रेल प्रबंधक के अनुसार परियोजना पूर्ण होने के बाद जोधपुर स्टेशन आधुनिकता,सुविधा और सुरक्षा के मामले में देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल होगा।
