Doordrishti News Logo

132 पाक विस्थापितों को सौंपा नागरिकता प्रमाण पत्र

जोधपुर, गुरूवार को सूचना केन्द्र में आयोजित कार्यक्रम में 132 पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता के प्रमाण पत्र दिए गये। नागरिकता मिलने पर इन पाक विस्थापितों ने खुशी जाहिर की है। इस अवसर पर शहर विधायक मनीषा पंवार ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री इतने संवेदनशील है कि वे राज्य के हर नागरिक के साथ पाक विस्थापितों के लिए भी विशेष ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार के बजट घोषणा में पाक विस्थापितों के आवास के लिए शुरू की गयी विनोबा भावे योजना के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।

132 पाक विस्थापितों को सौंपा नागरिकता प्रमाण पत्र

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चाहती है कि हर आदमी को छत मिले तथा उसकी छोटी से छोटी समस्या का भी निदान हो। नगरनिगम उत्तर महापौर कुन्ती देवड़ा ने कहा कि यह राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की संवेदनशीलता ही है कि आज एक साथ इतने पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता मिल रही है। इन सभी को मैं शुभकामनाएं देती हूं तथा पाक विस्थापितों की समस्याएं समझने के लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद देती हूं। जेडीए के पूर्व चेयरमेन राजेन्द्र सिंह सोलंकी ने कहा कि राज्य सरकार पाक विस्थापितों के समस्या के निराकरण के लिए तत्पर है। इसी का परिणाम है कि पाक विस्थापितों की समस्या के निराकरण के लिए कमेटी बनी है।

जिला कलक्टर इन्द्रजीत सिंह ने कहा कि हम लोगों को कैम्प मोड में काम करना होगा जिससे पाक विस्थापितों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो सके। उन्होंने कहा कि लंबे समय से पूरा विश्व कोरोना जैसी विकट महामारी से जुझ रहा था। ऐसी परिस्थतियों में भी मुख्यमंत्री द्वारा हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रयास किये गये। पाक विस्थापितों की छोटी छोटी समस्याओं के निराकरण के लिए जिला प्रशासन प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में राज्य सरकार ने पाक विस्थापितों के टीकाकरण के लिए व्यवस्था भी की। उन्होंने कहा कि इस कैम्प के माध्यम मुख्यमंत्री के संवेदनशील विचारधारा स्पष्ट दिखाई देती है कि वे आने वाले समय में पाक विस्थापितों को मुख्य धारा में जोड़ने व उन्हे उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिज्ञाबद्ध है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास यही रहेगा कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को कम से कम समय में नागरिकता मिले।

शिविर में जिला कलक्टर इन्द्रजीसिंह ने प्रत्येक पाक विस्थापितों से समस्याएं सुनी तथा उनके निराकरण के लिए उन्हें भरोसा भी दिलाया। उप सचिव गृह विभाग भवानी शंकर ने कहा कि यह राज्य सरकार की संवेदनशीलता है कि जो कैम्प आयोजित कर पाक विस्थापितों की समस्या का निदान कर रही है। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य कैम्प आयोजित हो रहे है। राज्य सरकार पाक विस्थापितों की समस्याओं के निवारण के लिए समर्पित है।

समाजसेवी अयूब खान ने भी पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता मिलने पर बधाई दी। हिन्दुसिंह सोढा ने भारतीय नागरिकता प्राप्त करने वाले सभी पाक विस्थपितों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कैम्प के माध्यम से काम करने से पाक विस्थापितों की समस्याओं का निदान हुआ है।

शिविर प्रभारी एडीएम सिटी प्रथम रामचन्द्र गरवा ने बताया कि गुरूवार को कैम्प के माध्यम से 132 पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता प्रदान की गयी तथा भारतीय नागरिता के लिए प्राप्त 128 आवेदनों में पूर्व में रह गयी कमी पूर्ति को पूर्ण किया गया। शिविर में पुलिस अधीक्षक सीआईडी रमेश मेघवाल सहित अन्य अधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण, पाक विस्थापित नागरिक उपस्थित थे।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन अभी डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews