शहर में धूमधाम से मनाई अंबेडकर जयंती

  • सद्भावना रैली निकाली
  • कई कार्यक्रम आयोजित
  • प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),शहर में धूमधाम से मनाई अंबेडकर जयंती। भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती मंगलवार को धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर शहर भर में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कई संस्था- संगठनों की ओर से रैलियां निकाली गई। नागौरी गेट सर्किल स्थित डॉ अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।

भारत रत्न भीमराव अम्बेडकर जयंती पर कई संगठनों की तरफ से अंबेडकर सर्किल नागौरी गेट तक सद्भावना रैली निकाली गई। बाबा साहेब के पद चिन्हों पर चलने का संकल्प लिया। रैली में जय भीम के जयकारों और डीजे की धुन पर थिरकते युवा नीला झंडा और नीली टोपी के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहे थे। मुख्य कार्यक्रम स्थल नागौरी गेट पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने अंबेडकर सर्किल पर माला अर्पण कर उन्हें नमन किया।जुलूस में विभिन्न समाजों के महापुरुषों के पोस्टर लगाए गए।

जालोरी गेट,नई सडक,सोजती गेट होते हुए विभिन्न संगठनों की ओर से रैलियां निकाली गई जो नागोरी गेट सर्किल तक पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें हाथों में नीले झंडे लिए युवाओं ने संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को याद किया। इसमें कई महिलाएं भी शामिल हुई। व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस का जाब्ता भी तैनात रहा। विभिन्न समाज के संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने बाबा साहब की तस्वीर पर माला पहनकर उन्हें नमन किया और उनके बताएं मार्गों पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने अपने संबोधन में देश का संविधान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए अंबेडकर के योगदान को याद किया।

विधवा महिलाओं को सिलाई मशीन भेंट की
लवली कंडारा लोक एवं समाज कल्याण संस्थान के तत्वावधान में सर्किल पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। संस्थान के सचिव किशन मोंटू कंडारा ने बताया कि शोभायात्रा के बाबा साहब आंबेडकर सर्किल नागौरी गेट पहुंचने पर बाबा साहब को श्रद्धा सुमन अर्पण के बाद अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। विभिन्न समाज के गणमान्य लोगों का संस्थान द्वारा साफा,माला व स्मृति चिन्ह प्रदान कर नागरिक अभिनंदन किया गया। संस्थान की ओर से 11 विधवा महिलाओं को सिलाई मशीन भेंट की गई ताकि वे अपनी आजीविका आसानी से चला सकें।

जनप्रतिनिधियों की रही भरमार
नागौरी गेट सर्किल पर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि देने के लिए जनप्रतिनिधियों की भरमार रही। राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी, भाजपा शहर जिला अध्यक्ष,देहात अध्यक्ष,पूर्व जेडीए चेयरमैन डॉ. महेंद्र सिंह राठौड़,नगर निगम उत्तर की पूर्व महापौर कुंती परिहार,पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह सोलंकी,पूर्व विधायक मनीषा पंवार,कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष ओमकार वर्मा सहित कई कांग्रेस-भाजपा नेता व पदाधिकारी उपस्थित थे।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने भारतीयों के बीच समानता की एक ऐसी मशाल प्रज्वलित की है,जिसका उजाला युगयुगीन है। बाबा साहेब ने एक साधारण परिवार में जन्म लेने के बावजूद अपनी प्रतिभा और परिश्रम के आधार पर असाधारण व्यक्तित्व के रूप में अपने आप को विकसित किया। बाबा साहेब का जन्मदिन हम सबके लिए संकल्प लेने का दिन है।

यहां भी हुए कार्यक्रम
शुष्क वन अनुसन्धान संस्थान में डॉ. बीआर अम्बेडकर एवं महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आफरी निदेशक डॉ.आशुतोष कुमार त्रिपाठी ने अपने अध्यक्षीय उदबोधन में डॉ. बीआर अम्बेडकर एवं महात्मा ज्योतिबा फुले के जीवन को प्रेणनामयी बताते हुए विधि, सामाजिक न्याय,समानता,महिला अधिकार एवं शिक्षा क्षेत्रों में उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला।

वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ.तरुण कान्त, शेराराम बालोच,सोहनलाल गर्ग ने दोनों महापुरुषों द्वारा दिए अमूल्य योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन अजय वशिष्ट एवं धन्यवाद प्रस्ताव संगीता त्रिपाठी द्वारा किया गया।

सामूहिक दुष्कर्म से परेशान होकर किशोरी ने किया था सुसाइड

प्रताप नगर के अम्बेडकर पार्क में जीनगर समाज द्वारा बाबा साहेब अंबेडकर जयंती के अवसर पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें जीनगर समाज के जनसेवक,समाज सेवी,पार्षद एवं जीनगर कर्मचारी अधिकारी, जीनगर ज्योति के पदाधिकारी एवं भामाशाह द्वारा अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

नार्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलॉइज यूनियन मण्डल कार्यालय में रेल कर्मचारियों ने भारत रत्न बाब साहेब डॉ.भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयन्ती मनाई। मण्डल सचिव मनोज कुमार परिहार ने कहा कि बाबा साहेब ने पूरे जीवन में 32 डिग्रियां हासिल की,जो अपने आप में बहुत महत्वपूर्ण हैं।
मण्डल अध्यक्ष महेन्द्र व्यास ने बताया कि इस देश के संविधान निर्माता बाबा साहेब ने जो मूल मंत्र दिया कि संगठित रहो,शिक्षित हो, संघर्ष करो को अपने जीवन में धारण करना चाहिए।

अशोक सिंह मेड़तिया,विक्रम सिंह मांगलिया,अरूण बिस्सा,हारून खान,विक्रम सिंह गौड़,महावीर सिंह,नरेन्द्र सिंह,अनिल भाटी, सलिमुदीन सहित सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब के दिखाए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। वहीं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डोली में शिक्षा विभाग के आदेशानुसार अंबेडकर जयंती पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई।

जयंती के अवसर पर विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया तथा पेंटिंग, निबंध व भाषण प्रतियोगिताओं में बढ़-चढक़र भाग लिया। इस अवसर पर राजनीति विषय विशेषज्ञ जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ दिनेश गहलोत ने बाबा साहेब के जीवन और संविधान के बारे में अपना विस्तार से वक्तव्य दिया। प्रधानाचार्य नन्द किशोर यादव ने विद्यार्थियों को बाबा साहेब के जीवन से प्रेरित होकर आगे बढऩे की प्रेरणा दी। इस अवसर पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गुलेन चौधरी,एसीबीओ प्रदीप जाणी और विद्यालय स्टाफ ने मुख्य वक्ता डॉ राजेन्द्र गहलोत का दुपट्टा व स्मृति चिन्ह से अभिनन्दन किया।

शिवराज शिक्षण एवं जनसेवा संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष परसराम तिवाड़ी ने अपने संदेश में कहा कि डॉ.अम्बेडकर का संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय,समानता और मानवाधिकारों की स्थापना के लिए समर्पित रहा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने डॉ.अम्बेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष जुगल सांखला,महेन्द्र गोयल,अशोक गहलोत,बबीत,सीमाआदि कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।