Doordrishti News Logo

टॉय ट्रेन से उछलकर गिरी मासूम गर्दन के ऊपर से निकला पहिया,दर्दनाक मौत

  • बड़ी बहिन गंभीर घायल
  • अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा
  • परिजनों का मोर्चरी के बाहर धरना-प्रदर्शन

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),टॉय ट्रेन से उछलकर गिरी मासूम गर्दन के ऊपर से निकला पहिया,दर्दनाक मौत। मंडोर गार्डन से एक बेहद हृदयविदारक खबर सामने आई है। यहां अपने माता-पिता के साथ घूमने आई पांच साल की एक मासूम बच्ची की टॉय ट्रेन से नीचे गिरने से दर्दनाक मौत हो गई,जबकि उसकी बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।

तूफान से जोधपुर डिस्कॉम क्षेत्र में व्यापक क्षति

घटना से गुस्साए बच्ची के परिजनों और समाज के लोगों ने आज कार्रवाई की मांग को लेकर अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरना- प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार बंबा निवासी मोहम्मद हबीब अपने परिवार के साथ रविवार शाम को मंडोर उद्यान घूमने गया था। वहां वह टॉय ट्रेन में परिवार सहित बैठा था। इस दौरान ड्राइवर ट्रेन को बेहद तेज गति से चला रहा था और इसी दौरान उसने अचानक बेहद ब्रेक लगा दिया।

ब्रेक का झटका इतना तेज था कि ट्रेन में बैठी मोहम्मद हबीब की पांच साल की मासूम बच्ची उछलकर बाहर जा गिरी। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, बच्ची टॉय ट्रेन के चक्कों के नीचे आ गई। इसके साथ ही बड़े भाई अय्यूब की बेटी मुस्कान भी घायल हो गई। उन्हें घायलावस्था में मथुरादास माथुर अस्पताल ले जाया गया,जहां बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया। घायल युवती का फिलहाल इलाज चल रहा है।

इस घोर लापरवाही को लेकर मृतका के पिता ने स्थानीय पुलिस थाने में टॉय ट्रेन ड्राइवर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों का आरोप है कि ड्राइवर की लापरवाही और तेज गति से ट्रेन चलाने के कारण ही उनकी बेटी की जान गई है और एक अन्य युवती अस्पताल पहुंच गई।

ड्राइवर ने नहीं रोकी टॉय ट्रेन
रिपोर्ट में बच्ची के पिता मोहम्मद हबीब ने बताया कि हादसे के दौरान ट्रेन में पत्नी अफसाना और भाभी शहनाज भी थी। बच्ची के गिरते ही वे दोनों भी चिल्लाने लगी और टॉय ट्रेन को रोकने के लिए कहा। परिवार के लोग चिल्लाते रहे,लेकिन इसके बाद भी टॉय ट्रेन को नहीं रोका, जिससे उनकी बच्ची की मौत हो गई।

पिता का आरोप है कि टिकट लेने से पहले भी ट्रेन खराब होने को लेकर टोका था,लेकिन ये कहकर टाल दिया कि हम लोगों का दिन-रात का काम है। आप बेफिक्र होकर बैठो। इसके बाद ये हादसा हो गया।