जमीनी विवाद में एयरफोर्स जवान का तोड़ा हाथ, कुल्हाड़ी से सिर फोड़ा
-सगे भतीजों ने साथियों संग किया हमला
-छोटे भाई को कैंपर गाड़ी से मारी टक्कर
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जमीनी विवाद में एयरफोर्स जवान का तोड़ा हाथ, कुल्हाड़ी से सिर फोड़ा। जमीन पर अवैध कब्जे और तारबंदी हटाने को लेकर सगे भतीजों ने एयर फोर्स जवान और उसके छोटे भाई पर हमला बोल दिया। दोनों भाइयों को कुल्हाड़ी,सरियों और लाठियों से पीट-पीट कर अधमरा कर दिया।
घटना वेक विहार थाना क्षेत्र के गुढ़ा विश्नोइयां (मंगल नगर) की है। गंभीर रूप से घायल एयरफोर्स जवान को मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है,जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। इस मामले में पुलिस ने 7 नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का संचालन शुरू
पुलिस के अनुसार ओम प्रकाश पुत्र घेवरराम विश्नोई ने विवेक विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि यह विवाद उनके सगे भाई रामसिंह के बेटों से चल रहा है। दस जुलाई की सुबह करीब 10.30 बजे आरोपी जेसीबी और बजरी से भरा डम्पर लेकर जबरन उनके खेत में घुसे और वहां की गई तारबंदी को उखाडऩे लगे।
जब ओमप्रकाश ने इस अवैध कब्जे का अपने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया,तो उनका भतीजा अशोक भडक़ गया। अशोक ने जान से मारने की नीयत से अपनी सफेद रंग की कैंपर गाड़ी ओमप्रकाश के पीछे दौड़ा दी और जोरदार टक्कर मारकर उन्हें जमीन पर गिरा दिया। ओमप्रकाश के गिरते ही आरोपी राकेश, मनीष और महेंद्र ने लोहे के पाइप और लाठियों से उनके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए।
ओमप्रकाश की चीख- पुकार सुनकर उनकी पत्नी हेमा और एयरफोर्स में कार्यरत बड़े भाई भागाराम दौडक़र मौके पर पहुंचे। भागाराम ने जब अपने भाई को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उन पर भी रहम नहीं खाया। आरोपी पिंटू और उनके साथ आई एक महिला ने जान से मारने की नीयत से भागाराम के सिर पर कुल्हाड़ी से सीधा वार कर दिया। इसी बीच महेंद्र ने लाठी और अशोक ने लोहे की रॉड से हमला बोल दिया।
सिर पर होने वाले वार को रोकने के लिए जब जवान ने अपना हाथ आगे किया, तो रॉड के भारी प्रहार से उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया। आरोपी दोनों भाइयों को मरा हुआ समझकर, उनका मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेक विहार थाना पुलिस ने आरोपी अशोक,मनीष, पिंटू,महेंद्र और राकेश उर्फ विकास सहित दो महिलाओं के खिलाफ मारपीट करने,तोडफ़ोड़ और दंगे करने जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई भरतलाल को सौंपी गई है।
श्रद्धा से मनाया देवी अन्तु कंवर बाईसा मंदिर की 15वीं बरसी महोत्सव
