एडीआरएम ने किया स्टेशनों का निरीक्षण

-विकास कार्यों में तेजी के निर्देश
-नागौर-नोखा स्टेशनों पर अमृत भारत योजना के काम युद्धस्तर पर
-यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),एडीआरएम ने किया स्टेशनों का निरीक्षण। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में यात्रियों को जल्द ही आधुनिक और बेहतर सुविधाओं का अनुभव मिलने वाला है।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देश पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने गुरुवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मेड़ता रोड-बीकानेर रेलखंड के नागौर,नोखा और देशनोक स्टेशनों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने नागौर व नोखा स्टेशनों के अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को जल्द से जल्द सभी प्रमुख कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

एडीआरएम ने कहा कि रेलवे का उद्देश्य स्टेशनों को केवल यातायात केंद्र नहीं बल्कि आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित करना है। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता,यात्री सुविधाओं और साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि नागौर स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज का कार्य तेजी से जारी है, जबकि स्टेशन का नया मुख्य प्रवेश द्वार शीघ्र तैयार करवा लिया जाएगा। स्टेशन परिसर में बन रहा पे-एंड-यूज शौचालय जल्दी ही यात्रियों को समर्पित कर दिया जाएगा। प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर महिला और पुरुष यात्रियों के लिए 10-10 बेड की डॉर्मिटरी,चार रिटायरिंग रूम और एक वीआईपी कक्ष भी बनवाए जा रहे हैं। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट और नए शेल्टर भी लगाए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान नागौर रेलवे स्टेशन पर सेफ्टी सेमिनार के आयोजन से कर्मचारियों को सजग व सतर्क रहकर सुरक्षित व संरक्षित रेल संचालन का आह्वान किया,जिसमें कर्मचारियों व कार्यक्षेत्र में आने वाली समस्याओं के समाधान का आग्रह किया।

इसमें अपर मंडल रेल प्रबंधक के साथ वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रामनिवास जाट,वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सिंह,मंडल बिजली इंजीनियर(कर्षण) अंकित तायल सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया।

उन्होंने बताया कि पुनर्विकसित देशनोक स्टेशन पर यात्रियों के बैठने की व्यवस्था,टाइल्स और शौचालय सुविधाओं को उन्नत किया जाएगा। नोखा स्टेशन पर नया वेटिंग रूम जून तक तैयार होकर यात्रियों को सौंप दिया जाएगा। यहां शौचालय निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। रेलवे ने स्टेशन परिसर में अनधिकृत प्रवेश मार्ग बंद कर सौंदर्यीकरण करने की योजना भी बनाई है।

डीआरएम ने दिए नियमित मोनिटरिंग के निर्देश:-
इधर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्टेशनों पर पेयजल,लाइट,एसी,पंखे और सफाई व्यवस्था की प्रतिदिन दो बार मॉनिटरिंग की जाए। इसके लिए रेलवे स्काउट्स और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं का सहयोग भी लिया जाएगा। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य स्टेशनों पर बड़ा बदलाव लाना है ताकि यात्रियों को बेहतर,सुरक्षित व आराम दायक यात्रा अनुभव मिल सके।