गैस कंपनी प्रतिनिधि को हथियार दिखाकर अवैध वसूली का आरोप

  • लेनदेन विवाद की आशंका
  • पीडि़त को पहले भी बासनी में बंधक बनाकर पीटा गया
  • महामंदिर में भी हो रखी केसबाजी

जोधपुर,गैस कंपनी प्रतिनिधि को हथियार दिखाकर अवैध वसूली का आरोप। नई दिल्ली नोएडा की एक गैस एजेंसी के प्रतिनिधि का जोधपुर में एक व्यक्ति के साथ काफी समय से लेन देन का विवाद चल रहा है। आरोपी भी पहले गैस एजेंसी के लिए काम करता था। इनके बीच में एक करोड़ लेन देन का विवाद सामने आ रहा है।

इसे भी पढ़िए – केंद्रीय कारागार में कचरे में पड़ी मिली निषिद्ध सामग्री

पीडि़त का कहना है कि इन दिनों कंपनी का काम खतरनाक पुलिया संख्या दो के आगे चल रहा है। जहां पर कुछ लोग हथियार लेकर आए और उसे डरा धमका कर अवैध वसूली करना चाह रहे हैं। रिपोर्ट में किसी को नामजद नहीं किया गया है। मगर जिस व्यक्ति से उसका विवाद चल रहा है,उस पर संदेह जाहिर किया गया है। रातानाडा थाने में इस बारे में रिपोर्ट दी गई है।

रातानाडा पुलिस ने बताया कि उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर स्थित बिलसुरी सिकंदराबाद निवासी सत्येंद्र चौधरी पुत्र देवेंसिंह चौधरी की तरफ से रिपोर्ट दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार वह एजी प्रथम गैस कंपनी के लिए काम करता है और यहां पर बतौर प्रतिनिधि मैनेजर कार्यरत है। कंपनी की तरफ से इन दिनों गैस का कार्य खतरनाक पुलिया संख्या दो के आगे सेंट पेट्रिक स्कूल के पास चल रहा है।

18 नवंबर को कुछ लोग वहां आए और मारपीट करने के साथ हथियार दिखाकर अवैध वसूली करनी चाही। रिपोर्ट के अनुसार वह किसी को जानता नहीं है। प्रकरण में पुलिस ने आरंभिक तौर पर बताया कि इनका लेन-देन का विवाद हो सकता है।

सत्येंद्र चौधरी का देवीसिंह नाम के शख्स के साथ लेन देन का विवाद है। देवीसिंह और इसके बीच में एक करोड़ का आपसी विवाद है। महामंदिर थाने में एक प्रकरण दर्ज हो रखा है। इसके अलावा यह भी जानकारी में आया है कि सत्येंद्र चौधरी के साथ बासनी में भी एक कार्यालय में बंधक बनाकर मारपीट की गई थी। जिस बारे में बासनी थाने में अलग से प्रकरण दर्ज है। फिलहाल रातानाडा पुलिस ने सत्येेंद्र चौधरी की तरफ से दर्ज कराए केस पर जांच आरंभ की है। आरोपी हाथ नहीं लगे हैं।